देहरादून: रायवाला रेलवे फाटक पर फिर फंसा मुख्यमंत्री धामी का काफिला, आरओबी की मांग तेज
हरिद्वार से लौटते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काफिला रायवाला रेलवे फाटक पर करीब दो मिनट तक अटक गया। ...और पढ़ें

रायवाला रेलवे फाटक पर कुछ इस तरह लगता है जाम।
HighLights
मुख्यमंत्री धामी का काफिला रायवाला फाटक पर अटका
हावड़ा और वंदे भारत एक्सप्रेस के कारण फाटक बंद
दिसंबर 2025 तक आरओबी निर्माण की घोषणा की गई
संवाद सूत्र, रायवाला (देहरादून)। हरिद्वार स्थित एक कार्यक्रम से लौटते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फ्लीट रायवाला रेलवे फाटक पर अटक गई। करीब दो मिनट तक रुके रहने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रायवाला कैंट स्थित हैलीपेड पहुंचे और जिसके बाद वह देहरादून के लिए रवाना हुए।
दरअसल, हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री धामी शाम करीब चार बजे रायवाला छावनी स्थित हेलीपैड के लिए रवाना हुए।
जब वह रायवाला रेलवे फाटक के समीप पहुंचे इसी दौरान हरिद्वार से ऋषिकेश जाने वाली हावड़ा एक्सप्रेस और देहरादून से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के आने का समय हो गया।
जिसके लिए रेलवे कर्मचारियों को फाटक बंद करना पड़ा। इस दौरान मुख्यमंत्री की फ्लीट फाटक पर अटक गई। करीब दो मिनट बाद फाटक खुला, जिसके बाद मुख्यमंत्री की फ्लीट आगे बढ़ी।
बता दें कि इससे पूर्व 15 सितंबर 2024 को भी इस फाटक पर मुख्यमंत्री की फ्लीट अटक गई थी। आम जन के लिए मुसीबत का सबब बने इस रेलवे फाटक पर आरओबी बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिसंबर 2025 में यहां पर आरओबी बनाने की घोषणा की थी। लेकिन यह अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है।
कुंभ से पहले आरओबी जरूरी
दरअसल, देहरादून व ऋषिकेश रेल खंड पर एक दिन में 62 रेल गाड़ियां अप-डाउन करती है। जिसकी वजह से रायवाला रेलवे फाटक ज्यादातर समय बंद रहता है।
फाटक और हाईवे के बीच दूरी काफी कम है। ऐसे में जब भी फाटक बंद होता है इसका असर हाईवे के यातायात पर भी पड़ता है।
वहीं, फाटक पर अक्सर एंबुलेंस और स्कूली वाहन फंस जाते हैं। यह फाटक रायवाला कैंट, प्रतीतनगर, रायवाला गांव, गौहरीमाफी संपर्क मार्ग पर है।
मार्ग से सेना के बड़े वाहन भी आवागमन करते हैं। समस्या के समाधान के लिए हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस समस्या को बीते लोकसभा के बजट सत्र में उठाया था।
उन्होंने कहा कि रायवाला क्षेत्र हरिद्वार-ऋषिकेश का महत्वपूर्ण तीर्थ क्षेत्र और सैन्य छावनी है। हरिद्वार कुंभ मेला से पूर्व यहां रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज अथवा अंडरपास बनाया जाना जरूरी है।
रायवाला रेलवे फाटक की वजह से क्षेत्र की जनता काफी परेशानी झेल रही रही है। कई बार तो कई ट्रेन एक ही समय पर गुजरती हैं, जिससे फाटक लगातार 12 से 15 मिनट तक बंद रहता है। फाटक पर जल्द आरओबी बनाना जरूरी है।
- राजेश जुगलान, ग्राम प्रधान प्रतीतनगररेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से क्षेत्र की 50 हजार से ज्यादा आबादी प्रभावित है। फाटक की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभागीय मंत्रियों से लेकर अधिकारियों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द समस्या का समाधान होगा।
- सागर गिरि, ग्राम प्रधान रायवाला
यह भी पढ़ें- मसूरी में यातायात समस्या का स्थायी समाधान, ई-आटो का हुआ सफल परीक्षण
यह भी पढ़ें- मसूरी में गहराया यातायात संकट: वीकेंड के साथ अब आम दिनों में भी जाम
