विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM धामी ने उत्तराखंड को दी बड़ी सौगात, 728 करोड़ रुपये की योजनाओं को दी मंजूरी

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:27 AM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में 728 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें हरिद्वार कुंभ ...और पढ़ें

सीएम पुष्कर सिंह धामी

सीएम पुष्कर सिंह धामी

HighLights

  1. CM धामी ने 728 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी दी।

  2. हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए 492 करोड़ रुपये स्वीकृत।

  3. टिहरी बांध प्रभावित 178 परिवारों को 132 करोड़ मुआवजा।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 728 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों का अनुमोदन दिया है। इसमें हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए 492 करोड़ रुपये और टिहरी बांध प्रभावित 178 पात्र परिवारों के लिए 132.43 करोड़ रुपये के नकद प्रतिकर का प्रविधान प्रमुख है। सड़क, सिंचाई, धार्मिक स्थलों के विकास और जिला पंचायतों को अनुदान के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है।

हरिद्वार कुंभ में अस्थायी अधिष्ठान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए राज्य सेक्टर से 175 करोड़ रुपये तथा केंद्र सरकार से अनुमोदित कार्यों के वित्तपोषण के लिए शहरी विकास विभाग के माध्यम से 317 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पुनर्वास नीति-1988 के तहत कृषि भूमि के स्थान पर दिए जाने वाले नकद प्रतिकर में बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 178 पात्र परिवारों के लिए 132.43 करोड़ रुपये के प्रतिकर का प्रविधान किया गया।

अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में गैरखेत-बलमरा-सराईखेत मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 6.13 करोड़ रुपये और ऊधमसिंह नगर के सितारगंज में सिडकुल से पंडरी तक अपर बैगुल नहर के जीर्णोद्धार के लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी के ढिकोलिया में स्प्रिंकलर आधारित नलकूप के लिए 1.43 करोड़ और नैनीताल के ल्वेशाल में लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए 2.54 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

पिथौरागढ़ के लामाखेत में सकत्या बड़बाप मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए 45.03 लाख रुपये दिए जाएंगे। चंपावत के गोगना तोक में ब्रह्मचारिणी मेला स्थल के विकास के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

हरिद्वार के बीएचईएल-रानीपुर क्षेत्र में तीन निर्माण कार्यों के लिए 2.67 करोड़ रुपये और जिला पंचायतों को तीसरी तिमाही की किस्त के रूप में 82.21 करोड़ रुपये देने का भी अनुमोदन मिला है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, गुरुवार से पहाड़ों में बर्फबारी के आसार