विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand News: धामी सरकार का बड़ा कदम, मुख्यमंत्री ने 220 चिकित्सा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

Published: Mon, 18 Aug 2025 04:37 PM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 220 नए चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने चिकित्सकों को देवभूमि के आरोग्य प्रहरी ...और पढ़ें

मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। सूवि
मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। सूवि

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तीकरण अभियान के तहत 220 नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सक मात्र स्वास्थ्य सेवक ही नहीं बल्कि देवभूमि के आरोग्य प्रहरी हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। मुख्य सेवक सदन में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कवि गुमानी पंत की पंक्तियों ‘प्रथम देह को जतन कर लो, फिर साधना होगी’ का उल्लेख करते हुए चिकित्सकों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग जन-जन के स्वास्थ्य कल्याण में करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 11 लाख से अधिक मरीजों को 21 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा चुका है। श्रीनगर में कार्डियक और न्यूरोलाजी सेवाएं व हल्द्वानी में कैंसर उपचार की विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में हेली सेवा भी जीवनदायिनी सिद्ध हो रही है। हाल ही में धराली आपदा के दौरान इसका सफल उपयोग किया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य में निश्शुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण, पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार से चिकित्सा सेवाओं को नया आयाम मिला है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सचिव स्वास्थ्य डा. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य सुनीता टम्टा आदि उपस्थित रहे।

नियुक्ति पाने वाले 216 चिकित्सक दूरस्थ क्षेत्र में देंगे सेवाएं स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि विभाग लगातार नई नियुक्तियों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त कर रहा है। 220 चिकित्सकों में से चार दिव्यांग कोटे के चिकित्सकों को छोड़कर शेष 216 चिकित्सकों को दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शीघ्र ही और चिकित्सक, नर्स व सहयोगी स्टाफ की भी भर्ती की जाएगी। साथ ही 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर राज्यभर में बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर व स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनसे 25 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।