आज पहाड़ों में ओलावृष्टि, मैदानों में अंधड़ की चेतावनी
उत्तराखंड में गुरुवार को मैदानी इलाकों में अंधड़ और पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में गुरुवार को मैदानी इलाकों में अंधड़ और पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, इससे पारे में भी गिरावट आएगी। इधर, बुधवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। प्रदेश के मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ों में दिनभर बेचैन करने वाली गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार आज से 31 मई तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
बुधवार को दून समेत अन्य मैदानी इलाकों में दिनभर तेज धूप खिली रही। अधिकतम तापमान चढ़ा और घरों में भी लोग गर्मी से बेहाल रहे। पहाड़ों में भी कमोबेश यही स्थिति रही। अधिकांश इलाकों में चटख धूप के बीच गर्म हवाएं चलती रहीं। देहरादून और ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। जबकि, रुड़की व हरिद्वार में यह 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। प्रदेश में जसपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मसूरी और नैनीताल में भी दिनभर उमस ने बेहाल किया। शाम के समय अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ी, जिससे गर्मी से कुछ राहत महसूस की गई। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। जबकि, मैदानी इलाकों में गर्जन के साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम में यह बदलाव 31 मई तक रह सकता है। प्रमुख शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 40.1, 20.5
मसूरी, 27.7, 16.2
टिहरी, 28.4, 13.6
उत्तरकाशी, 29.4, 16.5
हरिद्वार, 41.2, 21.7
जोशीमठ, 28.1, 15.3
पिथौरागढ़, 32.1, 16.0
अल्मोड़ा, 31.7, 17.4
मुक्तेश्वर, 29.4, 15.8
नैनीताल, 29.6, 21.0
चंपावत, 29.9, 18.2
ऊधमसिंह नगर, 40.1, 20.5