उत्तराखंड जनगणना 2027: 16-30 नवंबर तक मिलेगी स्व-गणना की सुविधा, एक दिसम्बर से घर पहुंचेंगे कर्मी
उत्तराखंड में सामान्य जनगणना 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जिसमें नागरिकों को 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा मिलेगी।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सामान्य जनगणना 1 दिसंबर 2026 से होगी शुरू
नागरिकों को 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा
5 जनवरी 2027 मध्यरात्रि संदर्भ तिथि निर्धारित
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में सामान्य जनगणना-2027 की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा दी जाएगी। जनगणना के लिए पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि 12 बजे को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है। इसी के आधार पर राज्य की आबादी से संबंधित आंकड़े दर्ज किए जाएंगे।
नौ सितंबर को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक होगी। इसके बाद 15 सितंबर से प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।
पांच जनवरी, 2027 की मध्यरात्रि 12 बजे होगी संदर्भ तिथि
जनसंख्या गणना का मुख्य कार्य एक दिसंबर, 2026 से चार जनवरी, 2027 तक चलेगा। इस अवधि में गणनाकर्मी घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवारों और जनसंख्या से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे। स्व-गणना के दौरान अपना विवरण दर्ज करने वाले नागरिकों के विवरण का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन किया जाएगा।
16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को मिलेगी स्व-गणना की सुविधा
जनगणना का कार्य पूरा होने के बाद पांच से नौ जनवरी, 2027 तक पुनरीक्षण चरण चलेगा। इस दौरान गणना से छूटे लोगों अथवा दर्ज किए गए विवरण में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों की ओर से जनगणना की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा करने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बिना मान्यता वाले मदरसों पर कार्रवाई जारी, बच्चों को दूसरे स्कूल में करना होगा शिफ्ट
यह भी पढ़ें- किरायेदार और नए परिवारों के सामने रसोई चलाने का संकट, देहरादून में 5 महीने से घरेलू LPG कनेक्शन बंद
बदरीनाथ-केदारनाथ जैसे इलाकों में चल रहा है कार्य
उत्तराखंड में वर्तमान में हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना का कार्य चल रहा है। इन क्षेत्रों में जनगणना की प्रक्रिया एक अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सामान्य जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
निदेशक जनगणना ईवा आशीष श्रीवास्तव ने राज्य में जनगणना की तैयारियों को शुरू किया जा रहा है। ताकि निर्धारित समय सीमा पर कार्य पूरा किया जा सके।
