यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत बोले-जंगल की आग को रोकने को युद्धस्तर पर की जाए तैयारी
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी को निर्देश दिए हैं कि जंगलों में आग की घटनाओं ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी को निर्देश दिए हैं कि जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। इसके लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जाएं। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में, जहां पहुंचना बहुत मुश्किल हो, वहां आग बुझाने के लिए हेलीकाप्टर की उपलब्धता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगलों में आग के प्रति जन जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए और इसे रोकने में स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया जाए। स्थानीय सहभागिता से ही वनों का संरक्षण किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन क्षेत्र में आग पर नियंत्रण के कार्य की नियमित समीक्षा की जाए और सभी जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए। फायरलाइन की भी मानिटरिंग की जाए। इसके लिये ड्रोन का भी उपयोग किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगल की आग बुझाने के दौरान मृतक कार्मिकों और स्थानीय नागरिकों के परिवारों को अनुग्रह राशि अविलंब उपलब्ध कराई जाए।
--------------
राज्य मंत्री रेखा आर्य ने पोषण रथ को झंडी दिखा किया रवाना
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने गुरुवार को महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पोषण रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग 16 मार्च से 31 मार्च तक पोषण पखवाड़े का आयोजन कर रहा है। इसी के तहत यह पोषण रथ राज्य में पांच अप्रैल तक 10 दिवसीय भ्रमण पर रहेगा। रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन द्वारा पोषण अभियान के 5 सूत्रों, एनीमिया प्रबंधन, पौष्टिक आहार, हैंड वाश, डायरिया प्रबंधन तथा सुनहरे हजार दिन को प्रचारित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य मंत्री रेखा आर्य ने उपस्थित सभी व्यक्तियों को सुपोषित राज्य के लिए प्रतिबद्धता की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर उप निदेशक एसके सिंह, कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, एसके त्रिपाठी, विक्रम सिंह एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून अखिलेश मिश्र भी उपस्थित थे।
