मुख्यमंत्री बोले, हर उत्तराखंडी के दिल में बसता है गैरसैंण, रिवर्स पलायन से सुधरेगी पहाड़ों की तस्वीर और तकदीर
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत गैरसैंण के भूमिधर बन गए हैं। यह जानकारी उन्होंने ट्वीटर के माध्यम से दी है। रिवर्स पलायन का संदेश देते हुए कहा कि गैरसैंण जनभावनाओं का प्रतीक है।
देहरादून, जेएनएन। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत गैरसैंण के भूमिधर बन गए हैं। यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीटर और फेसबुक के माध्यम से दी है। मुख्यमंत्री ने रिवर्स पलायन का संदेश देते हुए कहा कि गैरसैंण जनभावनाओं का प्रतीक है और यह हर उत्तराखंडी के दिल में बसता है। लोकतंत्र में जनभावनाएं सर्वोपरि होती हैं। गैरसैंण के रास्ते ही समूचे उत्तराखंड का विकास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले जनप्रतिनिधियों को ही रिवर्स पलायन करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिवर्स पलायन से ही पहाड़ों की तस्वीर और तकदीर सुधरेगी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मैं भी गैरसैंण का विधिवत भूमिधर बन गया हूं। राज्य सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। हम अपने युवा वर्ग को स्वरोजगार की राह पर ले जाने को प्रयासरत हैं और ऐसा करने से पहाड़ बसेगा। राज्य सरकार ने पूरी ईमानदारी से उत्तराखंड को उसके प्राकृतिक स्वरूप की ओर ले जाने और प्रदेश के विकास के लिए कार्य किया है। यह प्रक्रिया आगे और गति पकड़ेगी। सरकार पुरानी धारणाएं तोड़ने की कोशिश कर रही है। हम स्वरोजगार को विकास का माध्यम बना रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ने घी संक्रांति के पावन अवसर पर राज्यवासियों से अपने गांवों की तरफ रुख करने और वहां के अपने घरों का बेहतर रख-रखाव करने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें: विकासनगर में 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने छोड़ा कांग्रेस का हाथ, थामा भाजपा का दामन
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में सीएम ने फहराया तिरंगा, क्षेत्रवासियों को दी करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराडीसैंण) विधानसभा परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कर स्वर्णिम इतिहास रचा। यह पहला मौका है जब प्रदेश के किसी मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित होने के बाद स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान सीएम ने गैरसैंण में कोरोड़ों की लागत की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इसके बाद कोरोना वॉरियर्स को सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएम ने कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज लिए भराडीसैंण में बनाए गए कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह बोले, विधानसभा सत्र के दौरान सरकार को घेरेगी पार्टी