Move to Jagran APP

उत्‍तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मारा छापा, आरटीओ दिनेश पठोई को किया सस्पेंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजधानी देहरादून स्थित आरटीओ कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। सुबह करीब दस बजे मुख्‍यमंत्री के अचानक आरटीओ पहुंचने से हड़कंप मच गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आरटीओ दिनेश पठोई को सस्पेंड कर दिया।

By Nirmala BohraEdited By: Published: Wed, 18 May 2022 10:30 AM (IST)Updated: Wed, 18 May 2022 11:10 PM (IST)
उत्‍तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मारा छापा, आरटीओ दिनेश पठोई को किया सस्पेंड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया आरटीओ कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण

जागरण संवाददाता, देहरादून: प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और जनता के प्रति जवाबदेही तय करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री ने सुबह देहरादून के संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में छापा मारा।

loksabha election banner

वह सुबह नौ बजकर 55 मिनट पर ही आरटीओ कार्यालय पहुंच गए थे। सवा दस बजे तक भी 65 में से 25 कार्मिक कार्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। साथ ही संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) दिनेश चंद्र पठोई भी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे।

इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्यमंत्री ने आरटीओ को निलंबित करने के निर्देश जारी किए। शाम तक आरटीओ को निलंबित भी कर दिया गया। इसके साथ ही उन्हें परिवहन आयुक्त कार्यालय में अटैच कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जब बुधवार सुबह आरटीओ कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने 10 बजे तक कार्मिकों का इंतजार किया। इसके बाद कार्यालय का मुख्य गेट बंद करा दिया गया। सभी उपस्थिति रजिस्टर मंगाए गए और बायोमीट्रिक उपस्थिति का भी परीक्षण किया। समय पर कार्यालय न पहुंचने वाले कार्मिकों की अनुपस्थिति दर्ज की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आरटीओ कार्यालय जनता से सीधे तौर पर जुड़ा है। कार्मिकों के समय पर उपस्थित न होने के चलते जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए सीधे तौर पर आरटीओ जिम्मेदार हैं।

उन्होंने तत्काल निर्देश जारी किए गए आरटीओ को निलंबित करने के साथ अनुपस्थित कार्मिकों का वेतन रोक दिया जाए। परिवहन सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया कि जो कार्मिक अनुपस्थित पाए गए हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब आने तक सभी का वेतन रोक दिया गया है।

निरंतर मिल रही शिकायतों पर की कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संभागीय परिवहन कार्यालय में कार्मिकों के समय पर उपस्थित न होने की शिकायत निरंतर मिल रही थी। जनता शिकायत कर रही थी कि उन्हें काम के लिए लंबा इंतजार कराया जाता है। इसी कारण आरटीओ कार्यालय की व्यवस्था का उन्होंने स्वयं परीक्षण किया। शिकायत सही पाई गई। इस तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

आरटीओ पठोई ने सचिव के समक्ष रखा पक्ष

संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) दिनेश चंद्र पठोई ने परिवहन सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी के समक्ष मौखिक रूप से अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि वह सुबह ही विकासनगर निकल गए थे। वहां वाहनों की नीलामी होनी थी। वह नीलामी समिति के अध्यक्ष भी हैं तो उनकी उपस्थिति जरूरी थी। परिवहन सचिव ने बताया कि यह जानकारी आरटीओ ने उन्हें मौखिक रूप से दी है। जब उनका लिखित पक्ष आएगा तो उसका परीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Koo App

आज राजपुर रोड, देहरादून स्थित आर.टी.ओ. कार्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारीगण कार्यालय में अनुपस्थित मिले। इस अनुशासनहीनता को देखते हुए संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) दिनेश चंद्र पिठोई पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए। (1/2)

View attached media content - Pushkar Singh Dhami (@pushkarsinghdhami) 18 May 2022

Koo App

इसके साथ ही परिवहन सचिव अरविंद सिंह हयांकी को अन्य जो भी कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं थे उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोकने हेतु निर्देशित किया। (2/2)

View attached media content - Pushkar Singh Dhami (@pushkarsinghdhami) 18 May 2022


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.