उत्तराखंड के पौड़ी जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका, कई पदाधिकारी बीजेपी में हुए शामिल
पौड़ी जिले की चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और पूर्व सैनिकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नए सदस्यों का स्वागत किया, जिसमें युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और छात्रसंघ अध्यक्ष भी शामिल थे।
HighLights
चौबट्टाखाल के कई कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि भाजपा में शामिल हुए।
युवा कांग्रेस पदाधिकारी, छात्रसंघ अध्यक्ष ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
महेंद्र भट्ट, सतपाल महाराज ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने दूसरे दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ने का अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पौड़ी जिले की चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और छात्रसंघ अध्यक्ष भी शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुयश रावत ने नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। भाजपा में शामिल होने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं युवा कांग्रेस महामंत्री ऋतिक नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष कुलदीप सजवाण तथा वेदीखाल के छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम रावत प्रमुख हैं। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता, सेवानिवृत्त अधिकारी, पूर्व प्रधानाचार्य और पूर्व सैनिक भी भाजपा में शामिल हुए। इनमें सत्य प्रकाश कुकरेती, भुवनेश ध्यानी, सोहन सिंह नेगी, ताजमहल सिंह नेगी और पूर्व सैनिक संजय सिंह समेत कई लोग शामिल हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड के मिशन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। भट्ट ने घोषणा की कि अब ज्वाइनिंग अभियान विधानसभा स्तर तक ले जाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में सदस्यता कार्यक्रम आयोजित होंगे।