यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चारधाम यात्रा 2022 : गंगोत्री-यमुनोत्री में हृदयघात से दो यात्रियों की मौत, चारों धाम में अब तक 35 ने तोड़ा दम
Chardham Yatra 2022 तीन मई से अभी तक गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में 17 यात्रियों की मौत हो चुकी है। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य के लिहाज से अनफिट यात्रियों की हृदयघात व अन्य कारणों से मौत हो रही है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ एडवायजरी भी जारी की है। वहीं पीएमओ की भी चारधाम यात्रा में हो रही मौतों पर नजर है। 50 वर्ष से अधिक उम्र के श्रद्धालु स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही केदारनाथ जा सकेंगे। धाम में हृदयगति रुकने से हो रही मौतों को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
रविवार को गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा के दौरान दो तीर्थ यात्रियों की हृदयघात से मौत हुई है। तीन मई से अभी तक गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में 17 यात्रियों की मौत हो चुकी है। जबकि चारों धाम में यह संख्या 35 पहुंच गई है।
अस्पताल आने से पहले ही प्रमोद भाई ने दम तोड़ दिया
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि शनिवार को यमुनोत्री की यात्रा करने के बाद रविवार को गंगोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे प्रमोद भाई (62) पुत्र चंपक भाई निवासी बेगमपुर, सुरत गुजरात की गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास तबीयत बिगड़ी। स्वजन ने प्रमोद भाई को जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया। लेकिन, जिला अस्पताल आने से पहले ही प्रमोद भाई ने दम तोड़ दिया।
जबकि, गत शनिवार को यमुनोत्री धाम की यात्रा करने के बाद स्याना चट्टी के एक होटल में ठहरे पुरनेंदू सरकार (70) पुत्र हरेंद्र नाथ सरकार, न्यू टाउन, कूच बिहार बंगाल निवासी का रविवार सुबह स्वास्थ्य बिगड़ा। स्वजन पुरनेंदू सरकार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।
हृदय गति रुकने से मरने वाले श्रद्धालु
धाम- रविवार को- कुल मृतक
यमुनोत्री- 01- 13
गंगोत्री- 01- 04
केदारनाथ- 00- 13
बदरीनाथ- 00- 05
देवप्रयाग: यात्री बस सड़क पर पलटी, छह चोटिल
ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर बच्छेलीखाल के समीप चारधाम यात्रा से लौट रही बस सड़क पर पलट गई, जिसमें छह यात्री चोटिल हो गए। घायल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश के लिए रवाना कर दिया गया।
रविवार शाम करीब पांच बजे बच्छेलीखाल से तीन किमी आगे बदरीनाथ से लौट रही महाराष्ट्र के यात्रियों की बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। थाना प्रभारी देशराज शर्मा ने बताया कि बस में 21 यात्री सवार थे। जिसमें शोभना 60, दीपक नियंकर 58 उनकी पत्नी कल्पना नियंकर 56, संजय एकनाथ 57, जयश्री पंवार 51 व कालिदास पंवार 54 सभी निवासी नासिक महाराष्ट्र मामूली रूप से घायल हो गए। यात्रियों को अन्य वाहनों से ऋषिकेश रवाना कर दिया गया।