चमोली पीपलकोटी टनल हादसे पर सीएम धामी सक्रिय, ले रहे पल-पल की अपडेट
चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में मलबा और पानी आने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल मोर्चा संभाला।

युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाने के दिए निर्देश।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में मलबा और पानी आने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी तत्काल मोर्चा संभाला। वह रात को आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घायलों से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली।
मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुरक्षित बाहर निकालने को कहा। बचाव अभियान युद्धस्तर पर संचालित करने के भी निर्देश दिए गए।
राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे सीएम धामी
गुरुवार रात्रि चमोली में इस घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री सहस्रधारा रोड स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन से घटना की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के साथ ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन के माध्यम से मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल के भीतर की स्थिति और बचाव अभियान की प्रगति से उन्हें लगातार अवगत कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए और जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
प्रशासन को मौके पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ बचाव दलों के लिए सभी जरूरी संसाधन जुटाने को कहा। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए टनल में मौजूद सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर रख रही है और प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित निकासी के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।
