डेस्टिनेशन वेडिंग का नया हब बना चकराता, मसूरी की भीड़भाड़ से दूर शांत वादियों में गूंज रही शहनाई
उत्तराखंड का चकराता अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण डेस्टिनेशन वेडिंग का नया केंद्र बन रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है।

चकराता क्षेत्र के चुरानी का विहंगम नजारा। नागरिक
राहुल चौहान, चकराता। उत्तराखंड के जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर का पर्यटन स्थल चकराता प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग के नए केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। 21 नवंबर में कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत का विवाह समारोह पुरोड़ी के होटल और पुरोड़ी टॉप पर हुआ। इस आयोजन ने चकराता को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया।

चकराता के पुरोड़ी का वह स्थान, जहां पर कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत के हुए थे फेरे। नागरिक
जौनसार बावर की ऊंची पहाड़ियां, देवदार और बांज के जंगल, हिमालय की दिखती बर्फ से ढकी पर्वत शृंखलाएं और खुले मैदान यहां विवाह समारोहों के लिए आकर्षक वातावरण बना रहे हैं। मसूरी और नैनीताल जैसे व्यस्त पर्यटन स्थलों के मुकाबले चकराता शांत और सुकूनभरा विकल्प है। होटल व्यवसायी अमित जोशी का कहना है कि बड़े निवेश और जोखिम के साथ तैयार किए गए उनके होटल में अब तक छह डेस्टिनेशन वेडिंग हो चुकी हैं। उनका कहना है कि चकराता में इस तरह के आयोजन की शुरुआत से क्षेत्र को नई पहचान मिली है।
डेस्टिनेशन वेडिंग में लोग अपने निवास स्थान से दूर किसी पर्यटन, प्राकृतिक, ऐतिहासिक या धार्मिक स्थल पर विवाह करते हैं। आमतौर पर दो से तीन दिन के समारोह में मेहंदी, संगीत, हल्दी और विवाह की रस्में शामिल होती हैं। कारोबारियों अमित जोशी, दिगंबर सिंह चौहान, विक्रम पंवार, पंकज चौहान, मुकेश तोमर, शशांक तोमर और सक्षम जोशी का कहना है कि चकराता क्षेत्र पुरोड़ी, देववन, कोटी-कनासर, लोखंडी, मुंडाली, चिरमिरी और बैराटखाई संभावित वेडिंग डेस्टीनेशन स्थल हो सकते हैं। हालांकि, बड़े समारोहों से पहले भूमि, अनुमति, सड़क, पार्किंग, बिजली, पानी और पर्यावरण सुरक्षा की व्यवस्था जरूरी होगी।
यह पहल शीतकालीन पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकती है। दिसंबर से फरवरी तक ठंड, कभी-कभार बर्फबारी और साफ मौसम के बीच विवाह समारोह खास अनुभव बन सकते हैं। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए वैकल्पिक स्थल, गर्म कमरे और सुरक्षित यातायात भी आवश्यक होंगे। नियमित आयोजन से होटल, होमस्टे, टैक्सी, खानपान, फोटोग्राफी, सजावट और स्थानीय दुकानों को कारोबार मिल सकता है।
युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। जौनसारी लोक संस्कृति समारोहों की विशेष पहचान बन सकती है। ढोल-दमाऊं, हारुल, लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, वेशभूषा और स्थानीय व्यंजन मेहमानों को क्षेत्र की विरासत से परिचित करा सकते हैं। स्थानीय कलाकारों, महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण कारोबारियों को प्राथमिकता देने से लाभ गांवों तक पहुंचेगा। प्रस्तुतियों में समुदाय की सहमति और परंपराओं की गरिमा का ध्यान रखना होगा। पवन सहरावत और हिमांशी के विवाह की रस्में होटल व शिलगुरु मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुईं।
समारोह में ढोल-दमाऊं और जौनसारी लोकगीत शामिल रहे तथा कबड्डी जगत की कई जानी-मानी हस्तियां पहुंचीं। इस आयोजन ने चकराता को एक चर्चित विवाह स्थल के रूप में पहचान दिलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए जब से उत्तराखंड को प्रचारित किया है, इसके बाद से पर्यटन स्थलों पर शादी समारोह का चलन तेजी से बढ़ा है। उत्तराखंड पर्यटन नीति 2023 में भी डेस्टिनेशन वेडिंग को उभरते पर्यटन क्षेत्र के रूप में मान्यता दी गई है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि योजनाबद्ध प्रचार से सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही और कारोबार बढ़ेगा। इसके लिए आयोजन स्थल, पर्याप्त कमरे, खुले स्थल, शौचालय, सड़क, पार्किंग, चिकित्सा सहायता और प्रशिक्षित स्थानीय कर्मियों की जरूरत होगी। कूड़ा प्रबंधन, ध्वनि नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा भी प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन, पर्यटन विभाग, होटल व्यवसायियों और ग्रामीणों के साझा प्रयास से चकराता पर्यटन, रोजगार और जौनसार-बावर की संस्कृति को नई पहचान दे सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।