चटख धूप खिली तो चांदी की तरह चमक उठे बर्फ से ढके पहाड़, सैलानियों ने प्राकृतिक सौंदर्य का लिया भरपूर आनंद
चकराता में सीजन की दूसरी बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर अद्भुत नजारा दिख रहा है। बड़ी संख्या में पर्यटक आलू ...और पढ़ें

चकराता के धारनाधार में बर्फ का आनंद लेते सैलानी। ग्रामीण
HighLights
चकराता में सीजन की दूसरी बर्फबारी से अद्भुत नजारा।
पर्यटक लोखंडी और कोटी कनासर में बर्फ का ले रहे आनंद।
होटलों और होमस्टे फुल, स्थानीय व्यापारियों को रिकॉर्ड सीजन की उम्मीद।
संवाद सूत्र, जागरण चकराता। सीजन की दूसरी बर्फबारी के बाद चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। इस बीच बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
आलू मंडी से लेकर लोखंडी और कोटी कनासर तक बिछी बर्फ देखने शुक्रवार को काफी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे। चटख धूप खिलते ही बर्फ से ढके पहाड़ चांदी की तरह चमक उठे। ऐसे में सैलानियों ने प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद लिया।
लोखंडी, कोटी कनासर, देववन, मोइला टाप और चुरानी हमेशा पर्यटकों की पहली पसंद रहते हैं। हालांकि इस बार पर्यटक अभी तक देववन और मोइला टाप नहीं पहुंच सके हैं।
क्योंकि त्यूणी-चकराता-मसूरी हाईवे पर बर्फ की मोटी परत जमने और फिसलन के कारण अभी पर्यटकों के वाहनों को एहतियातन मोइला टाप और देववन नहीं जाने दिया जा रहा है।
ऐसे में पर्यटक लोखंडी व कोटी कनासर से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इसकी एक वजह यह भी पर्यटकों के लिए देववन और मोइला टाप क्षेत्र में ठहरने की कोई व्यवस्था है, न ही वहां अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं।
दिल्ली से आए पर्यटक दिलीप चौधरी और नेहा चौधरी तथा मुजफ्फरनगर से आए हिमांशु पंवार और नंदिनी पंवार ने बताया कि चकराता की शुद्ध हवा और बर्फ हमें नई ऊर्जा देती है। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि इस बार का पर्यटन सीजन रिकार्ड तोड़ सकता है।
होटल व्यवसायी विक्रम पंवार, सक्षम जोशी, शशांक तोमर, अंकित तोमर, दिनेश चौहान और दिनेश तोमर का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पर्यटकों की संख्या लगभग दोगुनी है। प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
चकराता के होटल और होमस्टे फुल
मगर पर्यटकों के चकराता पहुंचने से यहां के होटल, होमस्टे और रिसार्ट फुल हैं। लेकिन पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के कारण चकराता रूट पर जाम की समस्या देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान से आए पर्यटकों को चकराता की खूबसूरती खूब भा रही है।
