राम धुन गाकर अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण की कामना
जागरण संवाददाता ऋषिकेश अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के सर्वमान्य फैसले के सम्मान में प्रगि
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के सर्वमान्य फैसले के सम्मान में प्रगति विहार स्थिति राम मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां लोगों ने राम धुन रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम.. गाकर अयोध्या में जल्द भव्य राम मंदिर निर्माण की कामना की।
रविवार को प्रगति विहार स्थिति श्रीराम मंदिर में स्थानीय लोगों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। राम मंदिर परिसर में आतिशबाजी कर मिठाईयां बांटी गयी। पार्षद राकेश सिंह मियां ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने बहुत ही संतुलित फैसला देकर एक नया अध्याय रचा है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले के साथ 161 साल पुराने कानूनी विवाद का निपटारा हुआ है। अब अयोध्या में शीघ्र ही भव्य राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए। प्रोफेसर ललित मोहन जोशी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला हम सबके लिए एक आदेश है, जिसे हम सबको स्वीकार करते हुए आपस में मिलजुलकर रहना चाहिए। ऐसा हम सबको समाज की एकता के लिए करना चाहिए। इस अवसर पर राजेंद्र पांडेय, नरेंद्र कंडारी, नरेंद्र सिंह नेगी, जगदीश थपलियाल, हिम्मत सिंह मियां, शूरवीर सिंह कबसूड़ी, प्रमोद, आशुतोष डिमरी, भगवान सिंह नेगी, सीपी ध्यानी, धन सिंह बुटोला, सुरेंद्र थपलियाल, विपिन जोशी, रजनी ध्यानी, सरिता पैन्यूली आदि उपस्थित थे। आतिशबाजी कर मिठाई बांटी
भाजपा मुनिकीरेती मंडल के कार्यकर्ताओं ने अयोध्या मामले में सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले पर मुनिकीरेती कैलाश गेट में आतिशबाजी कर मिठाई बांटी। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी संतुलित फैसला बताते हुए इसका स्वागत किया। मंडल अध्यक्ष राकेश सेंगर ने कहा कि उच्च न्यायालय के इस फैसले के बाद जिस तरह से पूरे देश ने एकता व सौहार्द की मिशाल कायम की वह भारत की अखंडता का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कतिपय लोग देश की एकता और अखंडता को ठेस पहुंचाने का काम करते हैं, मगर देश की गंगा-जमुनी तहजीब ऐसे लोगों को आइना दिखाती है। इस अवसर पर इंद्रजीत राजभर, अनिल बडोला, सोनू ठाकुर, उषा बड़ोला, महेंद्र शर्मा, मो. माहसीन, महमूद, आरसी खान, राधा किशन रयाल, सुनीता खंडूरी, मंजू नेगी, मीनाक्षी जोशी, नारदेई राणा, कलावती, विमला बडोला, सरोजनी कुकरेती, आदि उपस्थिति थे।