देहरादून के जौनसार बावर में 26 साल बाद 200 गांवों में मनाई जाएगी बूढ़ी दिवाली, तैयारियां शुरू
जौनसार बावर के शिलगांव खत के ऐठान गांव में 26 साल बाद बूढ़ी दिवाली का उत्सव मनाया जाएगा, जो 6 से 10 दिसंबर तक चलेगा।

जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में लोक परंपरा के हिसाब से बूढ़ी दिवाली मनाते स्थानीय लोग। आर्काइव
HighLights
ऐठान गांव में 26 साल बाद बूढ़ी दिवाली का आयोजन
6 से 10 दिसंबर तक चलेगा यह पारंपरिक लोक उत्सव
खेती निपटने के बाद मनाते हैं इको फ्रेंडली पहाड़ी दिवाली
चंदराम राजगुरु, त्यूणी(देहरादून)। पर्वतीय इलाके में फसलों की कटाई एवं खेती बाड़ी का काम निपटने से जौनसार बावर की 30 खतों से जुड़े करीब दो सौ गांवों में परंपरागत बूढ़ी दिवाली के उत्सव की तैयारी चल रही है। शिरगुल महाराज की प्रवास यात्रा से शिलगांव खत के ऐठान गांव में 26 वर्ष बाद बूढ़ी दिवाली मनाई जाएगी। यहां छह से 10 दिसंबर तक परंपरागत लोक उत्सव चलेगा। स्थानीय लोग प्रदूषण रहित इको फ्रेंडली दिवाली मनाते हैं। इसके अलावा क्षेत्र की नौ खतों से जुड़े सौ से अधिक गांवों में एक माह पहले नई दिवाली मनाई जा चुकी है।
जौनसार बावर में खेती बाड़ी एवं मवेशी पालन से जुड़े ग्रामीण मौसम के अनुकूल सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार परंपरागत रुप से बूढ़ी दिवाली मनाते आ रहे हैं। जनजातीय समाज के लोग देशवासियों के दीपावली पर्व मनाने के ठीक एक माह बाद पहाड़ी संस्कृति के हिसाब से बूढ़ी दिवाली में परंपरागत उत्सव मनाते हैं। शिलगांव खत के ऐठान गांव में 25 जून 2026 को शिरगुल महाराज की पवित्र बरवांश यात्रा से देवता के प्रवास पर विराजमान होने की खुशी में समस्त खतवासी 26 वर्ष बाद परंपरागत रुप से बूढ़ी दिवाली मनाएंगे।
यहां ढाई दशक बाद देवता बरवांश की पूजा अर्चना को जून में प्रवास यात्रा पर विराजमान हुए। बूढ़ी दिवाली के लोक उत्सव में पहले दिन स्थानीय लोग ढोल बाजे के साथ छोटी दिवाली मनाने हैं। औंसा रात को बड़ी दिवाली में आसपास कई गांवों के लोग सामूहिक रुप से ढोल बाजे के साथ मशालें लेकर होलियात निकालते हैं। बूढ़ी दिवाली के परंपरागत उत्सव से बिरुडी व जंदोई मेले में पंचायती आंगन लोकनृत्य से गुलजार रहेंगे।
चार से पांच दिन चलेगा बूढ़ी दिवाली का उत्सव
जौनसार बावर के शिलगांव खत, विशायल, बाना, अठगांव, समाल्टा, मंजियारना-उदपाल्टा, समाल्टा, कोरु, उपलगांव, कोटा-तपलाड़, बोंदूर, बणगांव, लखवाड़, बहलाड़, बमटाड, सिली गोथान, पंजगांव, सिलगांव, शैली व मोहना समेत 30 खतों से जुड़े करीब दो सौ गांवों में परंपरागत रूप से बूढ़ी दिवाली मनाई जाती है। जनजातीय समाज में संयुक्त परिवार की परंपरा से जुड़े लोग पहाड़ी संस्कृति के अनुरूप बूढी दिवाली मनाने को छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आते है।
बोंदूर खत के सदर स्याणा रजनेश पंवार, कोटा तपलाड़ के खत स्याणा विजयपाल तोमर, जोगियो के स्याणा संदीप चौहान, शिलगांव खत के स्याणा महेंद्र सिंह चौहान, तरुण संघ खत लखवाड़ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, फरटाड़ खत निवासी संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान, मशहूर रंगकर्मी नंदलाल भारती, भाटगढ़ी के पूर्व प्रधान लायकराम शर्मा, स्याणा, स्याणा मनीष चौहान, स्याणा फतेह सिंह चौहान, स्याणा हरक सिंह, स्याणा जयपाल चौहान, पूर्व प्रधान केशरदास आदि ने कहा सांस्कृतिक रूप से समृद्ध जौनसार बावर में बूढ़ी दिवाली का विशेष महत्व है।
खेती बागवानी से जुड़े लोग शीतकाल में पहाड़ के ऊंचे इलाके में बर्फ पड़ने से पहले खेती का काम निपटने पर चार से पांच दिनों तक परंपरागत बूढ़ी दिवाली का उत्सव मनाते हैं। स्थानीय लोग रात में भोजन के बाद चीड़ एवं बिमल लकड़ी से बनी मशालें जलाकर ढोल बाजे के साथ नाचते गाते हुए मंदिर परिसर एवं पंचायती आंगन में एकत्र होकर होलियात निकालते हैं। पुरुष व महिलाएं अलग अलग टोली में खुशहाली की कामना को ढोल बाजे के साथ हारुल एवं तांदी नृत्य से देवता की स्तुति करते हैं।
क्षेत्र में पहले दिन नैंदरी होलियात, दूसरे दिन बड़ी होलियात, तीसरे दिन बिरुड़ी, चौथे दिन जंदोई मेले में काठ का हाथी व हिरण नृत्य के साथ बूढ़ी दिवाली का समापन होगा। परंपरागत बूढ़ी दिवाली के उत्सव में समाज की नई पीढ़ी को पुरातन संस्कृति जानने एवं समझने का अवसर मिलता है, जिससे जनजाति समाज की सांस्कृतिक विरासत को भविष्य में जीवित रखा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।