उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में उतरेगी बसपा, रुड़की में होगा कांशीराम पुण्यतिथि पर शक्ति प्रदर्शन
बसपा ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है, जिसमें देहरादून की ...और पढ़ें

बसपा मुखिया मायावती।
HighLights
बसपा ने उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज कीं।
देहरादून की विधानसभा सीटों पर पार्टी की रणनीति पर मंथन।
9 अक्टूबर को रुड़की में कांशीराम पुण्यतिथि पर शक्ति प्रदर्शन।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत बहुजन समाज पार्टी ने उत्तराखंड में अपने संगठन को सक्रिय करने और चुनावी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी की बैठक में देहरादून जिले की विधानसभा सीटों को लेकर रणनीति पर मंथन हुआ। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि अब संगठन को हर जिले में बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए जनता के साथ सीधा संवाद बढ़ाया जाएगा।
इसके साथ ही नौ अक्टूबर को रुड़की में बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के रूप में सफल बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश के हर जिले में कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर दिया जोर
सोमवार को सेवला कला स्थित अंबेडकर भवन में हुई बैठक में उत्तराखंड प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जीसी दिनकर ने कहा कि चुनावी तैयारियों के साथ संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान देना होगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छोटी-छोटी बैठकें कर कार्यकर्ता जनता से सीधा संपर्क स्थापित करें और बसपा की विचारधारा, संविधान, सामाजिक न्याय तथा बहुजन हितों की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
पूरी ताकत के से मैदान में उतरने का दिया मंत्र
प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को चुनावी लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से मैदान में उतरना होगा। विधानसभा स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने हर जिले में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।
नौ अक्टूबर के लिए बनाई रणनीति
बैठक में नौ अक्टूबर के रुड़की कार्यक्रम में देहरादून से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी रणनीति बनी। बैठक में जिला अध्यक्ष देहरादून केपी सिंह प्रदेश महासचिव सतेंदर, पूर्व प्रदेश महासचिव रतिराम, जोन प्रभारी सत्यपाल समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
