यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने दी विपक्ष को संयम रखने की नसीहत
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कोरोना संक्रमण से निबटने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कोरोना संक्रमण से निबटने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से जुटी है तो दूसरी तरफ संसाधनों में लगातार बढ़ोतरी कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा और उसे संयम रखने की नसीहत दी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कौशिक ने एक वक्तव्य में सरकार की ओर से कोरोना संक्रमण की रोकथाम को उठाए गए कदमों का आकड़ों समेत ब्योरा रखा और कहा कि मुख्यमंत्री खुद जमीनी व्यवस्था को परख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आक्सीजन की कमी से कोई जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों को साफ निर्देश हैं कि डिमांड से 24 घंटे पहले अस्पतालों को आक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि सरकार के साथ ही भाजपा संगठन भी जरूरतमंदों तक दवा, राशन व भोजन मुहैया करा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को वर्तमान में भ्रामक दुष्प्रचार से बचना चाहिए। इससे आमजन के बीच भय का वातावरण बनेगा। विपक्ष को चाहिए वह भी जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने को आगे आए।
------------------------------
बंगाल की घटनाओं के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन आज
बंगाल में भाजपा कार्यकर्त्ताओं पर हमले की घटनाओं के विरोध में भाजपा बुधवार को उत्तराखंड में भी प्रदर्शन करेगी। पार्टी के सभी 252 सांगठनिक मंडलों में कोविड की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए 20-20 की संख्या में कार्यकर्त्ता प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने सभी मंडल इकाइयों को निर्देश दिए हैं।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बंगाल में टीएमसी के कार्यकर्त्ता खुलेआम गुंडागर्दी पर उतर भाजपा कार्यकर्त्ताओं की हत्या, मारपीट और दफ्तर फूंकने जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें अन्य विपक्षी दलों का चुप्पी साधकर मौन रहना बहुत ही शर्मनाक है।
