By Vikas gusain Edited By: Aysha Sheikh Published: Sun, 07 Jan 2024 09:41 AM (IST)
Uttarakhand Politics News भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की पदयात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के ...और पढ़ें
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पदयात्रा को लेकर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सत्ता के सफर में जनता के साथ लगातार अन्याय करने वाले अब न्याय यात्रा निकाल रहे हैं।
शनिवार को मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में भ्रष्टाचार की बेल को पनपाने का कार्य किया है। उनके मुख्यमंत्रियों विशेष रूप से हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में भर्तियों में जम कर धांधली की गई और युवाओं को उनके हक से वंचित किया गया। उनके कार्यकाल में हुईं फर्जी नियुक्तियों पर कार्यवाही भाजपा सरकार ने की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कठोरतम नकलरोधी कानून लागू कर राज्य में नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तंज किया कि जिनके शासन में फर्जी नियुक्तियों के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं, अब वही रोजगार के नाम पर आंदोलन की नौटंकी कर रहे हैं।
अन्याय करने वाले निकाल रहे न्याय पदयात्रा: भट्ट
राहुल गांधी की यात्रा पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश को न्याय दिलाने के नाम पर यात्रा करने वालों ने 60 वर्ष तक देश के साथ अन्याय किया। इन्होंने जो भारत जोड़ो यात्रा निकाली तो उनकी सरकारों ने जनता को ही तोड़ दिया। इस दौरान सभी ने देखा कि देश तोड़ने की सोच रखने वाले नेता कैसे भारत जोड़ने के झूठे नारे दे रहे थे।
यही वजह रही कि जनता ने तीन राज्यों में यह बता दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एकजुट भारत विकसित देश बनने की यात्रा पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राहुल को यदि कुछ जोड़ना है तो अपनी पार्टी को राष्ट्रीय भावना से जोड़ें। उन्होंने कटाक्ष किया कि ये न्याय यात्रा भारत के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस के साथ न्याय करने के लिए यात्रा है।