Move to Jagran APP

विधायक प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में हो सकती है वापसी

पार्टी में बढ़ती अनुशासनहीनता को लेकर भाजपा ने सख्त रुख अपना लिया है। कुछ समय के दौरान सामने आए इस तरह के मामलों में प्रदेश नेतृत्व ने रविवार को चार विधायकों को तलब किया।

By Sumit KumarEdited By: Published: Sun, 23 Aug 2020 03:48 PM (IST)Updated: Mon, 24 Aug 2020 08:27 AM (IST)
विधायक प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में हो सकती है वापसी
विधायक प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में हो सकती है वापसी

देहरादून, राज्य ब्यूरो। अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा से निष्कासित किए गए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की कल पार्टी में वापसी हो सकती है। भाजपा नेतृत्व सोमवार को इसका एलान कर सकता है। इसके अलावा झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल को भी अभयदान मिल सकता है। उधर, पार्टी सूत्रों के अनुसार चैंपियन की वापसी को लेकर चल रही कसरत पर राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने नाराजगी जताई है।

loksabha election banner

लगातार विवादों में रहे विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भाजपा ने पिछले साल 18 जुलाई को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। शुक्रवार को हुई पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक में उनके मसले पर चर्चा की गई थी। इसके अलावा विधायक देशराज कर्णवाल, पूरण सिंह फर्त्याल व महेश नेगी के मसलों पर भी विचार-विमर्श हुआ था। कर्णवाल को पार्टी ने 28 जुलाई को अनुशासनहीन आचरण के आरोप में नोटिस जारी किया था, जिसका वह जवाब दे चुके हैं। विधायक फर्त्याल हाल में एक पुल निर्माण के मामले में असंतोष जाहिर करने की वजह से सुर्खियों में रहे थे। वहीं, विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने चारों विधायकों को रविवार को देहरादून तलब किया था, मगर विधायक चैंपियन व कर्णवाल ही अपना पक्ष रखने पहुंचे। दोनों ने यमुना कॉलोनी स्थित निवास पर प्रदेश अध्यक्ष भगत से अलग-अलग मुलाकात कर अपनी सफाई पेश की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक दोनों विधायकों से बातचीत हो गई है। केंद्रीय नेतृत्व से इस बारे में चर्चा कर सोमवार तक निर्णय ले लिया जाएगा।

विधायक की घरवापसी पर सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि जब विधायक चैंपियन को निष्कासित किया गया, तब परिस्थितियां दूसरी थीं। अब परिस्थितियां बदली हैं। चैंपियन विद्वान हैं, पढ़े लिखे हैं। उनका उपयोग पार्टी संगठन के हित में हो सकता है। यदि उनकी वापसी होती है तो यह स्वागतयोग्य है। उधर, विधायक चैंपियन की पार्टी में वापसी की कसरत को लेकर विरोध के सुर भी उभर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा सदस्य और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी इस कसरत से नाराज बताए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि चैंपियन के मसले को वह केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष उठा सकते हैं। ऐसे में चैंपियन की वापसी का मसला टल भी सकता है। 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने की भाजपा विधायक नेगी की गिरफ्तारी की मांग, सरकार पर भी साधा निशाना

नेगी कल रखेंगे अपना पक्ष

द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी अब सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत के समक्ष पक्ष रखेंगे। भगत के अनुसार तिथि को लेकर हुई गफलत के चलते रविवार को नेगी नहीं पहुंच पाए। उन्होंने बताया कि नेगी से विस्तार से जानकारी ली जाएगी। भगत ने कहा कि इस प्रकरण की पुलिस जांच कर रही है। जांच में यदि नेगी पर आरोप सिद्ध होता है तो पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दूसरे विधायक फत्र्याल भी सोमवार को देहरादून पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें: प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू बोले, विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटी भाजपा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.