भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक आज पहुंचेंगे दून
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए 16 जनवरी की तिथि तय होने के बाद पार्टी संगठन में गहमागहमी बढ़ गई है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए 16 जनवरी की तिथि तय होने के बाद पार्टी संगठन में गहमागहमी बढ़ गई है। चुनाव के सिलसिले में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल बुधवार को देहरादून पहुंच रहे हैं। दोनों पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में चुनाव की अधिसूचना की जाएगी।
भाजपा के सांगठनिक चुनाव के तहत अब हर किसी की निगाह प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर लगी है। पूर्व में दो बार अध्यक्ष का चुनाव टलने के बाद अब इसकी तिथि फाइनल की गई है। इस सिलसिले में केंद्रीय पर्यवेक्षक पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान और अर्जुन राम मेघवाल बुधवार को देहरादून पहुंच रहे हैं। उनकी मौजूदगी में ही इस दिन प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। अगले दिन यानी 16 जनवरी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान करेंगे।