Move to Jagran APP

भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- बूथ स्‍तर पर पार्टी की आत्‍मा बन जाएं कार्यकर्त्‍ता

आज बुधवार को शक्ति केंद्र स्‍तर तक के कार्यकर्त्‍ताओं को वर्चुअली संबोधित करते भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कार्यकर्त्‍ता बूथ स्‍तर पर पार्टी की आत्‍मा बन जाएं। उन्‍होंने कार्यकर्त्‍ताओं से बूथ को मजबूत करने की नसीहत दी।

By Sunil NegiEdited By: Published: Wed, 29 Sep 2021 12:47 PM (IST)Updated: Wed, 29 Sep 2021 08:45 PM (IST)
भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- बूथ स्‍तर पर पार्टी की आत्‍मा बन जाएं कार्यकर्त्‍ता
भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा बूथ स्‍तर पर पार्टी की आत्‍मा बन जाएं कार्यकर्त्‍ता।

राज्‍य ब्‍यूरो, देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टीजनों को बूथ जीता-चुनाव जीता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्त्ता बूथ मजबूत करने के अभियान से जुड़ें और प्रत्येक बूथ पर पार्टी की आत्मा बन जाएं। उन्होंने कहा कि सत्ता सेवा का माध्यम है और जनता की सेवा के लिए चुनाव जीतना भी जरूरी होता है। इसका रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। नड्डा ने बुधवार को प्रदेश में पार्टी के 2364 शक्ति केंद्रों के संयोजक व प्रभारियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल संवाद में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र पार्टी है, जो नेताओं के आधार पर नहीं, बल्कि शक्ति केंद्र व बूथ स्तर के कार्यकर्त्ताओं के बूते चुनाव लड़ती है और जीतती है।

loksabha election banner

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन सुनने के लिए पार्टी ने देहरादून में आइआरडीटी आडिटोरियम सहित सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में व्यवस्था की थी। अपने संबोधन में नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव, वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव और फिर वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पारदिर्शता, सुशासन व सेवा के आधार पर भाजपा को मौका दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुआई में उत्तराखंड में विकास की धारा तेजी से बही है। इस क्रम को जारी रखने के लिए वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी यहां की जनता के आशीर्वाद से भाजपा पुन: प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया तो डबल इंजन के बूते राज्य में चल रही परियोजनाओं को भी रेखांकित किया। साथ ही कोविडकाल में सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन के बूते उत्तराखंड में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। आल वेदर रोड बनने से राज्य में पर्यटन नई ऊंचाइयां छुएगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य जारी है। सिटी गैस के तहत हरिद्वार, देहरादून को पाइपलाइन से गैस मिलने वाली है।

अपनी सरकारों का हिसाब दे कांग्रेस

नड्डा ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया और कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह कर रही है, जबकि यूपीए के 10 साल के कार्यकाल में उसने किसानों के हित में कोई कार्य नहीं किया। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वह अपनी सरकारों द्वारा किए गए कार्यों का हिसाब दे। भाजपा का बूथ स्तर का एक-एक कार्यकर्त्ता चर्चा को तैयार है। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों से बूथ संरचना, शक्ति केंद्र की समय-समय पर बैठकें लेकर समीक्षा करने को कहा, क्योंकि सौ दिन बाद चुनावी अभियान शुरू हो जाएगा।

विकास के नए आयाम गढ़ रहा सूबा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनहित के कार्यों में जुटी है। उन्होंने सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का ब्योरा भी दिया और कहा कि राज्य आज विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने पार्टीजनों से मिशन-2022 फतह को जुटने का आहवान किया। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मदन कौशिक ने चुनाव के मद्देनजर पार्टी की ओर से उठाए गए कदमों का ब्योरा दिया। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने मेरा घर-भाजपा का घर व मेरा परिवार-भाजपा परिवार नारे देते हुए कहा कि इसी ध्येय के साथ भाजपा पुन: प्रचंड जीत हासिल करेगी। इस मौके पर सांसद एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, महापौर सुनील उनियाल गामा आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें:-अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की राज्य चुनाव प्रबंधन समिति घोषित


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.