मंत्री, विधायकों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर भाजपा द्वारा एक से 15 जनवरी तक चलने वाले देशव्यापी जनजागरण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश में पार्टी सक्रिय हो गई है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर भाजपा द्वारा एक से 15 जनवरी तक चलने वाले देशव्यापी जनजागरण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश में पार्टी सक्रिय हो गई है। इस क्रम में शनिवार को भाजपा की बैठक बुलाई गई है, जिसमें अभियान के लिए मंत्री, विधायकों, सांसदों, महापौर समेत वरिष्ठ पार्टी नेताओं को क्षेत्रवार कमान सौंपी जाएगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश भी शिरकत करेंगे।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने सीएए को लेकर जनता के बीच जाकर इस कानून की जानकारी देने को जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत एक से 15 जनवरी तक पार्टी कार्यकर्ता लोगों को सीएए कानून के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
प्रदेश में अभियान की रूपरेखा तय करने के साथ ही पार्टी नेताओं को इसकी क्षेत्रवार बागडोर सौंपने के मकसद से प्रदेश भाजपा ने शनिवार को प्रांतीय कार्यालय में बैठक बुलाई है। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में यह बैठक दो सत्रों में चलेगी। पहले सत्र में सीएए को लेकर होने वाले कार्यक्रमों के साथ ही इनके लिए प्रमुखों की नियुक्ति की जाएगी। द्वितीय सत्र में सांसदों, विधायकों, महापौर, जिला पंचायतों के अध्यक्ष, पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारी और जिलाध्यक्षों के साथ मंथन किया जाएगा।