शहर के विकास की भाजपा ने की अनदेखी: हरीश रावत
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दस साल से नगर निगम
जागरण संवाददाता, देहरादून : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दस साल से नगर निगम देहरादून में भाजपा का बहुमत रहा। दस साल शहर के विकास के लिए काफी है लेकिन भाजपा ने शहर के विकास की अनदेखी की है। जबकि दून उत्तराखंड का आइना है। पूर्व में केंद्र सरकार की ओर से विकास कार्यो के लिए स्वीकृत धनराशि खर्च करने में दून नगर निगम देश में सबसे निचले पायदान पर रहा। इससे भाजपा की कार्यशैली का पता चलता है।
मंगलवार को पूर्व सीएम हरीश रावत ने निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार अभियान शुरू किया। उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में विकास के मुद्दे पर केंद्र व राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के खोखले दावों की हकीकत जनता जान चुकी है और निकाय चुनाव में वह भाजपा को सबक सिखाएगी। कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत बंगाली कोठी, राजपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत गढ़वाली कॉलोनी और डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के तहत भानियावाला में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। केदारपुरम वार्ड के कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सती के समर्थन में बंगाली कोठी में जनसभा कर उन्होंने कहा कि विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नगर निगम महापौर के लिए दिनेश अग्रवाल के रूप में ऐसा चेहरा दिया है जो अनुभवी तो है ही साथ ही दून के विकास के लिए उनके पास विजन है। उन्होंने विधायक व काबीना मंत्री रहते हुए धर्मपुर विस क्षेत्र सहित पूरे देहरादून में उल्लेखनीय विकास कार्य किए हैं जिसमें रायपुर में बना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और देहरादून जू प्रमुख हैं।
उधर, डोभाल चौक वार्ड 65 में पार्षद प्रत्याशी नरेश रावत के समर्थन में हरीश रावत ने गढ़वाली कॉलोनी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासन में गैस सिलेंडर एक हजार रुपये के पास पहुंच गया है लेकिन आज कोई भी सड़क पर नहीं उतर रहा है। जबकि कांग्रेस शासन में रसोई गैस की मामूली मूल्य वृद्धि में महिलाओं ने सिर पर सिलेंडर रख कर प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा भाजपा के चेहरे से नकाब उतर चुका है लोग भाजपा की असलियत जान चुके है निकाय और लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को इसका जबाव देगी। महापौर प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल ने भी लोगों से उनको और कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के चुनाव प्रचार में उतरे के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता में उत्साह है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, संदीप चमोली, पूर्व दर्जाधारी सुनील राठी, आशा मनोरमा शर्मा डोबरियाल, ओम प्रकाश सती आदि मौजूद रहे।