शराब कांड का मास्टर माइंड घोंचू भाजपा से निष्कासित Dehradun News
जहरीली शराब कांड के जिम्मेदार अजय सोनकर उर्फ घोंचू को बीजेपी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्काषित कर दिया है।
देहरादून, जेएनएन। भाजपा ने जहरीली शराब कांड के मास्टरमाइंड अजय सोनकर उर्फ घोंचू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। निष्कासित होने के चंद घंटे बाद ही घोंचू को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया।
घोंचू की गिरफ्तारी से यह भी साफ हो गया कि पुलिस को घोंचू की लोकेशन के बारे में पूरी जानकारी थी और वह केवल सरकार के इशारे का इंतजार कर रही थी। जैसे ही मुख्यमंत्री ने कड़े तेवर दिखाए और पार्टी की ओर से किनारा किया गया, पुलिस ने घोंचू को गिरफ्तार कर लिया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के निर्देश पर भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने अजय सोनकर उर्फ घोंचू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया। उन्होंने सोमवार को जारी बयान में कहा कि अजय सोनकर कांग्रेस से पार्षद रहे हैं। वे पिछले विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। शराब कांड में उनका नाम सामने आने, क्षेत्रीय जनता द्वारा उनके संबंध में दी गई जानकारी व पुलिस कार्रवाई का संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की गई है। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भविष्य में कोई भी संदिग्ध प्रकृति का व्यक्ति पार्टी की सदस्यता हासिल न करने पाए।
विदित रहे कि 19 सितंबर को शहर के पथरिया पीर मोहल्ले जहरीली शराब के सेवन से छह लोगों की मौत हो गई थी। जबकि गंभीर हालत में दस लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।