भाजपा का पलटवार, कहा- पहले कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से इस्तीफा मांगे पार्टी
भाजपा ने कांग्रेस के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के हालातों को लेकर धरना देने और सीएम से स्वास्थ्य मंत्रालय छोड़ने की मांग की।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के हालातों को लेकर कांग्रेस के धरने और नेता प्रतिपक्ष के सीएम से स्वास्थ्य मंत्रालय छोड़ने की मांग पर भाजपा बेहद आक्रोशित है। पार्टी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि यह मांग करने से पहले कांग्रेस नेताओं को कांग्रेस शासित या सरकार में भागीदार राज्यों पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र जहां कोरोना के हालात बहुत गंभी हैं के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों से इस्तीफा मांगना चाहिए। भाजपा ने कहा, उत्तराखंड में हालात तुलनात्मक रूप से बेहतर हैं और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ जंग पूरी शक्ति से लड़ी जा रही है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि कोरोना बड़ी महामारी है और वर्तमान में पूरी दुनिया में इसे लेकर जंग लड़ी जा रही है। पर इस लड़ाई में कांग्रेस का रवैया केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों की सरकारों के कार्यों में बाधा डालने का है। यही काम उत्तराखंड कांग्रेस भी कर रही है। कोरोना के खिलाफ जंग में कोई योगदान दिए बिना कांग्रेस प्रदेश में नियमों और आवश्यक सावधानियों की धज्जियां उड़ा रही है। कहीं धरने तो कहीं प्रदर्शन कर सड़कें बाधित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कोरोना के खिलाफजंग मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में मजबूती से लड़ी जा रही है। कांग्रेस को मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य मंत्रालय छोड़ने के लिए कहने से पहले पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र के हालात देखने चाहिए। पार्टी यहां के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों से इस्तीफा मांगे। उत्तराखंड में स्थितियां बहुत बेहतर हैं और आंकड़े इसका गवाह हैं।
डॉ. भसीन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय उत्तराखंड में जो स्वास्थ्य सुविधाएं थी, उनकी अपेक्षा वर्तमान में कई गुना सुधार हुआ है। कोरोना की हर चुनौती को लेकर भी सरकार की पूरी तैयारी है। आज कांग्रेस के समय से दोगुना से अधिक डाक्टर हैं। पहले एक जिले में आइसीयू था, लेकिन अब हर ज़िले में यह सुविधा है। प्रदेश में पांच कोविड अस्पताल, 12 कोविड हेल्थ सेंटर, 356 कोविड केयर सेंटर, 27061 आइसोलेशन बेड, 381 वेंटिलेटर, 479 आइसीयू बेड उपलब्ध हैं। कांग्रेस ने हमेशा जनहितों की उपेक्षा की है।
यह भी पढ़ें: आम आदमी पार्टी ने भाजपा विधायक चैंपियन के बयान को बताया बेबुनियाद