कांग्रेस के दृष्टिपत्र से दृष्टि गायब: भाजपा
नगर निकाय चुनाव के लिए सोमवार को जारी कांग्रेस के दृष्टि पत्र को कठघरे में खड़ा करते हुए भाजपा ने कहा कि इस दृष्टिपत्र से दृष्टि ही गायब है। इसके अधिकांश हिस्से में केंद्र सरकार की आलोचना है और बाकी में प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए ज्ञापन।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: नगर निकाय चुनाव के लिए सोमवार को जारी कांग्रेस के दृष्टि पत्र को कठघरे में खड़ा करते हुए भाजपा ने कहा कि इस दृष्टिपत्र से दृष्टि ही गायब है। इसके अधिकांश हिस्से में केंद्र सरकार की आलोचना है और बाकी में प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए ज्ञापन। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि कांग्रेस के दृष्टि पत्र से यह भी साफ हो गया कि उसने अपने वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी को भी बिसरा दिया है। दृष्टि पत्र में काग्रेस के राष्ट्रीय व प्रांतीय नेताओं के चित्र हैं, मगर एनडी तिवारी का चित्र गायब है।
डॉ. भसीन ने कहा कि कांग्रेस ने अपने दृष्टिपत्र में स्थानीय निकाय चुनाव से कहीं अधिक लोकसभा चुनाव को केंद्र में रखा है। इसीलिए केंद्र सरकार की आलोचना पर जोर दिया गया। स्थानीय निकाय का जिस रूप में जिक्र है, वह प्रदेश सरकार के लिए मात्र ज्ञापन है और इसमें सरकार से विभिन्न अपेक्षाएं की गई है। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि हताश कांग्रेस इस चुनाव में अपनी पराजय स्वीकार कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि काग्रेस ने प्रदेश सरकार से विभिन्न अपेक्षाएं की हैं, उसे बताना होगा कि जब उत्तराखंड में काग्रेस सरकार थी तो उसने स्थानीय निकायों के लिए क्या किया। सच यह है कि उत्तराखंड में काग्रेस ने भाजपा के बहुमत वाले बोर्डाें के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को शानदार जीत हासिल होने जा रही है। इससे प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।