Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मशहूर भोजपुरी गायिका देवी बिना शादी के बनीं मां, ऋषिकेश में दिया बच्चे को जन्म

    Updated: Wed, 10 Sep 2025 12:33 PM (IST)

    मशहूर भोजपुरी गायिका देवी अविवाहित होते हुए भी मां बन गई हैं। उन्होंने ऋषिकेश के एम्स में एक बच्चे को जन्म दिया। देवी ने आधुनिक चिकित्सा पद्धति की मदद से सिंगल मदर बनने का फैसला लिया जिससे उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ा है। एम्स प्रशासन के अनुसार उन्होंने जर्मनी में स्पर्म बैंक पद्धति से गर्भधारण किया था। बच्चे के जन्म के बाद देवी ने सोशल मीडिया पर खुशी साझा की।

    Hero Image
    नन्हें मेहमान के साथ अपनी फोटो इंटरनेट मीडिया में प्रशंसकों के साथ साझा की है।

    जासं, ऋषिकेश। रघुपति राघव राजा राम.. गीत में आपत्तिजनक बोल के कारण विवादों में घिरी लोकप्रिय भोजपुरी गायिका देवी सिंगल मदर बनी हैं। खास बात है कि उन्होंने अविवाहित रहकर बच्चे को जन्म दिया। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा पद्धति की मदद से सिंगल मदर बनने का साहसिक निर्णय लेकर सामाजिक बंदिशों को तोड़कर मिसाल पेश की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने बीते मंगलवार को एम्स ऋषिकेश में आधुनिक चिकित्सकीय पद्धति से बच्चे को जन्म दिया है। एम्स प्रशासन ने बताया कि मंगलवार को देवी ने आपरेशन के जरिए बच्चे को जन्म दिया। मां व बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हैं।

    एम्स प्रशासन ने स्वजनों से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि उन्होंने जर्मनी में स्पर्म बैंक पद्धति से गर्भधारण किया था। वहीं, देवी ने बच्चे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद उनके जीवन में आए नन्हें मेहमान के साथ अपनी फोटो इंटरनेट मीडिया में प्रशंसकों के साथ साझा की है।

    देवी के गाने से मचा था बवाल

    बिहार की राजधानी पटना में वर्ष 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर बापू सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें लोकगायिका देवी को भी आमंत्रित किया गया था।

    देवी ने जैसे ही ‘रघुपति राघव राज राम, ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम’ भजन गाया, वैसे ही भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस गाने को रोक कर मंच से जय श्रीराम के नारे लगाए गए थे। तब देवी ने दावा किया था कि उन्‍हें धमकी मिल रही है जिसमें कहा जा रहा है कि उसे भी गांधीजी के पास भेज दिया जाएगा।

    भोजपुरी गानों में अश्लीलता का करती हैं विरोध

    बिहार का शान कही जाने वाली देवी का जन्म छपरा जिला में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा और संगीत की शिक्षा छपरा से ही पूर्ण की। देवी को उनके सभ्य गानों के लिए जाना जाता है।

    देवी भोजपुरी गानों में अश्लीलता का विरोध करती रही हैं। देवी भोजपुरी के अलावा हिंदी, मैथिली और मगही में भी गाने गाती हैं।

    देवी के इन गानों ने मचाई थी धूम

    देवी के 'पिया गईले कलकतवा ए सजनी..' भोजपुरी गीत ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। यह एक विरह गीत था। इसके अलावा 'कुएं का ठंडा पानी..', 'परवल बेचे जाईब भागलपुर..', 'ओ गोरी चोरी-चोरी' 'परदेसिया- परदेसिया..', 'पिया बंसिया बजावे आधी रतिया..', 'दिल तुझे पुकारे आजा..' 'अंगुरी में डसले बिया नगिनिया..' ने भी जमकर धमाल मचाया।

    देवी को भाता है ऋषिकेश

    भोजपुरी गायिका देवी को ऋषिकेश बहुत पसंद है। देवी ने कोविड काल के दौरान ऋषिकेश में लंबा समय बिताया। उन्होंने ऋषिकेश की शांत वादी व गंगा की धारा का आनंद लेते हुए कई फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर शेयर किए थे। उस समय गुरू पूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने अपने गुरुओं को भी याद किया था। वह कई बार ऋषिकेश आ चुकी हैं।