विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कितना घटा जल... कहां जमी गाद? सर्वे खोलेगा भीमताल झील के राज

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:31 AM (GMT+05:30)Updated: Thu, 26 Nov 2026 08:34 AM (GMT+05:30)

भीमताल झील में जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद की वास्तविक स्थिति जानने के लिए चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण पूरा हो गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर झील के पुनर्जीवन और गाद निकासी की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे पारिस्थितिक संतुलन और पर्यटन को लाभ मिलेगा।

चार दिन तक चला बैथिमेट्रिक सर्वे पूरा, झील के पुनर्जीवन और गाद निकासी (ड्रेजिंग) की योजना होगी तैयार।

चार दिन तक चला बैथिमेट्रिक सर्वे पूरा, झील के पुनर्जीवन और गाद निकासी (ड्रेजिंग) की योजना होगी तैयार।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भीमताल झील की घटती जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। झील की गहराई से लेकर तलछट की मोटाई तक का आकलन आधुनिक तकनीक से किया गया है।

स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथारिटी की ओर से 20 से 23 नवंबर तक कराया गया चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण पूरा हो गया है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर झील के पुनर्जीवन और गाद निकासी (ड्रेजिंग) की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर कराए गए इस सर्वेक्षण का मकसद भीमताल झील की मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक आकलन करना है। इससे यह पता लगाया जाएगा कि झील में फिलहाल कितनी जल संग्रहण क्षमता बची है और उसके तल में कितनी गाद जमा हो चुकी है। साथ ही यह भी चिह्नित होगा कि झील के किन हिस्सों में तलछट अधिक जमा है और कहां ड्रेजिंग की जरूरत पड़ सकती है।

सर्वेक्षण की जिम्मेदारी रुड़की की जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज को सौंपी गई थी। एजेंसी ने मोटर बोट पर लगाए गए इको साउंडर से झील के अलग-अलग हिस्सों की गहराई मापी। वहीं, तकनीक के जरिये सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति दर्ज की गई। सर्वेक्षण में करीब 10 मीटर के अंतराल पर ट्रांसेक्ट निर्धारित कर झील के तल की संरचना का ब्योरा जुटाया गया। आंकड़ों की शुद्धता जांचने के लिए क्रास चेक लाइन और झील की बाहरी सीमा का भी सर्वे किया गया।

तैयार होगा झील का थ्री-डी माडल

जुटाए गए आंकड़ों से झील का थ्री-डी डिजिटल टेरेन माडल तैयार किया जाएगा। इसके अलावा डेप्थ प्लान, बैथिमेट्रिक कंटूर, क्रास सेक्शन प्रोफाइल और एरिया-कैपेसिटी कर्व भी विकसित किए जाएंगे। इससे झील की गहराई, कुल जल भंडारण क्षमता और तलछट की स्थिति का विस्तृत तकनीकी खाका सामने आएगा।

गाद निकासी से पहले परखेंगे व्यवहार्यता

झील में जमा गाद को निकालने की योजना बनाने से पहले उसकी मात्रा और मोटाई का आकलन किया जाएगा। तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि कितनी मात्रा में ड्रेजिंग संभव है और किन हिस्सों में इसकी आवश्यकता है। यानी गाद निकासी का फैसला अनुमान के बजाय वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर लिया जा सकेगा।

यह पहल भीमताल झील के संरक्षण के साथ उसकी जल संग्रहण क्षमता को बेहतर बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से झील के पारिस्थितिक संतुलन, स्थानीय जल संसाधनों और पर्यटन को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।