विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भवाली में 200 बेड के नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का रास्ता साफ, शासन को भेजा 250 करोड़ का प्रस्ताव

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:45 PM (IST)

नैनीताल में बीडी पांडे अस्पताल के विस्तार में भौगोलिक बाधाओं के कारण, भवाली सैनिटोरियम परिसर में 200 बेड का नया मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बीडी पांडे अस्पताल विस्तार में भौगोलिक बाधाएँ, नया अस्पताल।

  2. भवाली में 200 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनेगा।

  3. 250 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। नैनीताल शहर की संकरी गलियां और सड़क तक सीमित पहुंच स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में बाधा बन रही हैं। बीडी पांडे अस्पताल में जगह की कमी और भौगोलिक परिस्थितियों के चलते सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के अनुरूप विस्तार कर पाना आसान नहीं है।

इसी वजह से भवाली सैनिटोरियम परिसर में 200 बेड का नया मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित करने की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए 250 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अस्पताल के निर्माण से कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

भवाली सैनिटोरियम को नए अस्पताल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया न्यायिक निगरानी में है। उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई में हाइकोर्ट ने कहा था कि मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित किया जाए।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा के अनुसार भवाली सैनिटोरियम को मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में अपग्रेड करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। परियोजना के लिए 250 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। भूमि सर्वेक्षण में सैनिटोरियम परिसर को अस्पताल निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। प्रस्तावित अस्पताल में 200 बेड होंगे।

बीडी पांडे में स्वीकृत 200 में से 120 बेड ही संचालित

नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में 200 बेड स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 120 बेड ही संचालित हो पा रहे हैं। वहीं रामसे अस्पताल में महज 10 बेड क्रियाशील हैं। कोर्ट में स्वास्थ्य महानिदेशक ने इन दोनों अस्पतालों की स्थिति की जानकारी दी।

बीडी पांडे अस्पताल का मौजूदा परिसर शहर के घने और संकरे हिस्से में होने के कारण बड़े स्तर पर विस्तार की चुनौती सामने आती है। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए जरूरी अतिरिक्त भवन, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और अन्य सुविधाओं के विकास के लिहाज से भवाली में अलग परिसर तैयार करने की योजना बनाई गई है।

यह भी पढ़ें- नैनीताल में 36 घंटे से मूसलाधार बारिश...आफत बनकर बरस रहे बादल, भवाली रोड में मलबा आने से सड़क बंद

यह भी पढ़ें- भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष दुष्कर्म मामले में नया मोड़, पूर्व पीड़िता निकली आरोपित की सहयोगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।