समूहगान प्रतियोगिता में संत कबीर ऐकेडमी ने बाजी मारी
युवाओं में देश भक्ति जगाने और देश की संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की द्रोण शाखा ने राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया।
जागरण संवाददाता, देहरादून : युवाओं में देश भक्ति जगाने और देश की संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की द्रोण शाखा ने राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में दून के कई स्कूल के छात्रों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
शनिवार को नगर निगम सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ महापौर सुनील उनियाल गामा, परिषद अध्यक्ष अरुणा चावला, सचिव अनिल वर्मा और उद्यमी अशोक विंडलास ने स्वामी विवेकानंद के चित्र के सम्मुख दीप जलाकर किया। महापौर गामा ने कहा कि युवा पीढ़ी में देश भक्ति की भावना जगाने के लिए इस तरह के आयोजन होने जरूरी हैं। इससे युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा होती है। शाखा सचिव अनिल वर्मा ने कहा कि समृद्ध राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को संस्कारित करना ही भारत विकास परिषद की प्राथमिकता हैं। प्रतियोगिता में छात्रों ने वन्दे मातरम.., देश हमें देता है सब कुछ.., आदि समूह गान पेश किए। निर्णायक मंडल की ओर से विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में संत कबीर ऐकेडमी ने पहला, सेवन ओक्स स्कूल ने दूसरा और एसजीआरआर वसंत विहार ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतिभा श्रीवास्तव, निशा मार्कंडेय, लक्ष्मी शकर मिश्रा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में शाखा के पूर्व अध्यक्ष राजेश थापा, रोहित कोचगवे, महेश्वरी कनेरी, सुभाषनी डिमरी, शालिनी, प्रेमलता वर्मा, सुनीता नौटियाल, डॉ. आरडी अग्रवाल, मोहिनी मेहत्ता, विनीता खर्कवाल, डिंपल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
इन स्कूलों ने किया प्रतिभाग
एमकेपी इंटर कॉलेज, जसवंत मॉर्डन स्कूल, जीजीआइसी राजपुर, गौतम इंटरनेशनल, नारी शिल्प इंटर कॉलेज, सेवन ओक्स गढ़ी कैंट, आर्य कन्या द्रोण स्थली, रामप्यारी इंटर कॉलेज, एसजीआरआर वंसत विहार, एसजीआरआर बिंदाल के करीब 100 से अधिक छात्रों ने समूहगान प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।