यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सूर्यास्त के बाद नीलकंठ पैदल मार्ग में यात्रा पर रोक
शिवरात्रि को लेकर अभी पांच दिन शेष हैं। नीलकंठ महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंच ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: शिवरात्रि को लेकर अभी पांच दिन शेष हैं। नीलकंठ महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हाथी की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन ने शाम पांच बजे से सुबह सात बजे तक नीलकंठ पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के आवागमन पर रोक लगा दी है। वहीं उप जिलाधिकारी यमकेश्वर गुरुवार को अधिकारियों के साथ शिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे।
फाल्गुनी महाशिवरात्रि पर प्रतिवर्ष यमकेश्वर ब्लाक स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए आते हैं। पिछले दो वर्षों से कोरोना संक्रमण के कारण यात्रा पर रोक लगाई गई थी। इस वर्ष यात्रा पर कोई रोक नहीं है। आने वाले मंगलवार को महाशिवरात्रि का पर्व है। पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर में इससे पूर्व ही बड़ी संख्या में कांवड़ लेकर श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं।
वर्तमान में पूरे क्षेत्र में डीजे के साथ कावड़ियों के वाहन बड़ी संख्या में नजर आ रहे हैं। मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद पार्किंग पूरे समय इन वाहनों से पैक रहती है। जलाभिषेक के साथ श्रद्धालु गंगा से जल लेकर अपने-अपने जनपद को लौट रहे हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कई जनपदों से बड़ी संख्या में शिव भक्त यहां पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा से भी श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।
नीलकंठ पैदल मार्ग पर हाथी का खतरा बरकरार है। राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में होने के कारण पैदल मार्ग और आसपास क्षेत्र में आजकल हाथी की आमद दर्ज की गई है। लक्ष्मण झूला के थानाध्यक्ष विरेंद्र रमोला ने बताया कि शाम पांच बजे से सुबह सात बजे तक पैदल मार्ग पर यात्रा को प्रतिबंधित किया गया है। वन विभाग और पुलिस विभाग के कर्मचारी यहां अलग से ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
-----------------
शिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आज
तहसील प्रशासन की ओर से अभी शिवरात्रि मेले को लेकर कोई तैयारी धरातल पर नजर नहीं आ रही है। पैदल मार्ग के गड्ढे परेशानी खड़ा कर रहे हैं। कई श्रद्धालु इनमें चोटिल भी हो रहे हैं। पार्किंग, पेयजल, विद्युत आदि तमाम व्यवस्थाएं पटरी पर नहीं हैं। शिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर उप जिलाधिकारी यमकेश्वर प्रमोद कुमार शुक्रवार को दोपहर लक्ष्मण झूला कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेंगे।
--------------
कांवड़ में योगी के गीतों की धूम
उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव चल रहा है। इस राज्य से बड़ी संख्या में शिवभक्त नीलकंठ महादेव के दर्शन के लिए आ रहे हैं। कांवड़ियों के वाहनों में डीजे लगे हैं, इनमें भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बने गीतों की धूम मची है। योगी पर आधारित भोजपुरी और हिदी गीतों को कावड़ियों के वाहनों में खूब बजाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में मचा धमाल योगी ही आएंगे..., आएंगे तो योगी ही... जैसे गीतों पर वाहनों में सवार शिव भक्त झूम रहे हैं।
