मसूरी की आयुषी ने जीता मिस इंडिया ओशियन का खिताब
जेआइपी प्रोडक्शन की ओर से दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में मसूरी के झड़ीपानी की रहने वाली 23 वर्षीय आयुषी ने मिस इंडिया ओशियन का खिताब जीता है।
देहरादून, जेएनएन। मसूरी के झड़ीपानी की रहने वाली 23 वर्षीय आयुषी यशवर्धन ने मिस इंडिया ओशियन का खिताब जीता है। 24 नवंबर को जेआइपी प्रोडक्शन की ओर से दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने 172 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। वह चीन में होने वाले ब्यूटी कांटेस्ट एशियन अवार्ड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
आयुषी ने बताया कि मसूरी से स्कूली और स्नातक की शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने मॉडलिंग के क्षेत्र में अपना भाग्य आजमाया। इसके लिए दिल्ली में उन्होंने कई शो में हिस्सा लिया। वह मॉडलिंग के क्षेत्र में भविष्य बनाना चाहती हैं। उनका सपना है कि वह बड़े-बड़े डिजाइनरों के शो का हिस्सा बनें और उत्तराखंड का नाम रोशन करें। आयुषी के पिता सुदेश चंद्र और माता रानी देवी ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताई है।
यह भी पढ़ें: लैला मजनू फेम तृप्ति ने साइन की अगली फिल्म, खुलकर नहीं कर सकती बात
यह भी पढ़ें: दंगल गर्ल को भायी यहां की खूबसूरती, किया फिल्म फोटोग्राफ का प्रमोशन