सात आइएएस ने कार्मिक को दिया संपत्ति का ब्योरा
प्रदेश के आइएएस अधिकारियों में से केवल सात अधिकारियों ने ही कार्मिक विभाग को अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है।
By Edited By: Published: Mon, 18 Jun 2018 03:01 AM (IST)Updated: Mon, 18 Jun 2018 05:23 PM (IST)
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश के आइएएस अधिकारियों में से केवल सात अधिकारियों ने ही कार्मिक विभाग को अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है। शेष में से कुछ ने तो वेबसाइट पर इसका ब्योरा दिया है तो कुछ ने अभी तक अपना ब्योरा उपलब्ध ही नहीं कराया है। हाल ही में आरटीआइ कार्यकर्ता हेमंत सिंह गौनियां ने सूचना के अधिकार के तहत प्रदेश के आइएएस अधिकारियों की संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करने के संबंध में जानकारी मांगी थी। कार्मिक विभाग की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि आइएएस अधिकारियों की संपत्ति के विवरण केंद्र सरकार की आइएएस अधिकारियों से संबंधित वेबसाइट पर देखा जा सकता है। यह भी बताया गया कि अधिकारी स्पैरो वेब साइट अथवा ई साइन के माध्यम से स्वयं वेबसाइट पर अपलोड करते हैं। इस वर्ष केवल सात अधिकारी जिनमें राजस्व परिषद के अध्यक्ष एस रामास्वामी, अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह, आइएएस अधिकारी आशीष जोशी, सोनिका, सुशील कुमार, डॉ. आर राजेश कुमार व नीरज ज्योति खैरवाल ने संपत्ति का ब्योरा स्वयं अपलोड न करते हुए कार्मिक विभाग को दिया है। वहीं, केंद्र सरकार की आइएएस अधिकारियों से संबंधित वेबसाइट पर प्रमुख सचिव उत्पल कुमार व अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश के अलावा कुछ अधिकारियों ने अपनी संपत्ति का विवरण सार्वजनिक किया है। वहीं, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव व सचिव स्तर के कई अधिकारियों का विवरण इस वेबसाइट में नजर नहीं आ रहा है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें