अब तक 800 सवाल, गर्मागर्म रहेगा मानसून सत्र
विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से प्रारंभ होगा। राज्यपाल ने शुक्रवार को विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी कर दी।
By Edited By: Published: Fri, 31 Aug 2018 10:26 PM (IST)Updated: Sat, 01 Sep 2018 08:55 AM (IST)
राज्य ब्यूरो, देहरादून विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से प्रारंभ होगा। राज्यपाल ने शुक्रवार को विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही मलिन बस्तियों में तोड़फोड़ और अतिक्रमण हटाने के लिए लाए गए अध्यादेश समेत दो अध्यादेश सदन के पटल पर रखे जाएंगे। वहीं मानसून सत्र काफी गर्मागर्म रहने के आसार हैं। विधायकों की ओर से अब तक 800 सवाल विधानसभा सचिवालय को मिल चुके हैं। राज्य मंत्रिमंडल की बीती 27 अगस्त को हुई बैठक में विधानसभा का मानसून सत्र 18, 19, 20 व 24 सितंबर को आहूत करने का निर्णय लिया गया था। शुक्रवार को सत्र के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई। विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने अधिसूचना जारी होने की पुष्टि की। राज्य की चौथी विधानसभा का चालू वर्ष का यह दूसरा सत्र गर्म रहने के आसार हैं। विपक्ष कांग्रेस कानून व्यवस्था, महिला-बच्चियों पर अत्याचार, कर्मचारियों की मांगों, महंगाई के साथ विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है। सत्र को लेकर माननीयों में भी उत्साह देखा जा रहा है। अभी तक 800 सवाल सत्र के लिए लगाए गए हैं। राज्य सरकार सत्र के दौरान दो अध्यादेश सदन के पटल पर रखेगी। इनमें उत्तराखंड (नगर निकायों एवं प्राधिकरणों के लिए विशेष प्रावधान) अध्यादेश-2018 और पेंशन नियमों में संशोधन से संबंधित अध्यादेश शामिल हैं। इसके अलावा कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सदन के लिए बिजनेस भी तय किया जाएगा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें