सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले, अर्नब की गिरफ्तारी अभिव्यक्ति की आजादी पर कुठाराघात
Arnab Goswami arrest News अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा अर्नब गिरफ़्तारी अभिव्यक्ति और प्रेस की आजादी पर एक कुठाराघात है। इमर्जेंसी के दिनों की याद दिलाता ये कुकृत्य कांग्रेस संस्कृति का परिचायक है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। Arnab Goswami arrest News रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह अभिव्यक्ति और प्रेस की आजादी पर कुठाराघात है।अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर उत्तराखंड में भी तीखी प्रतिक्रिया नजर आई। खासकर, भाजपा ने इस पर खुलकर स्टैंड लिया।
तमाम भाजपा नेताओं ने ट्वीट कर इसकी निंदा की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर कहा कि अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी आपातकाल की याद दिलाने वाला काम है और यह कांग्रेस संस्कृति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ईमानदार पत्रकारिता करने वालों की आवाज इस तरह बंद करने की वह भर्त्सना करते हैं।
नैनीताल से भाजपा सांसद अजय भट्ट ने ट्वीट कर कहा कि अर्नब गोस्वामी को जिस तरह मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बदले की भावना से महाराष्ट्र सरकार ने लोकतंत्र की हत्या और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला किया है। महाराष्ट्र की हिटलरशाही सरकार ने आपातकाल को दोहराया है।
आपको बता दें कि अर्नब गोस्वामी (Arnab Goswami) को मुंबई पुलिस ने दो साल पुराने एक मामले को लेकर गिरफ्तार किया है। इसके बाद से ही उत्तराखंड में भी आक्रोश है। जगह-जगह इस मामले को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। अखिल भारतीय परिषद ने भी इसकी निंदा करते हुए महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही सरकार का पुतला फूंका।
अभाविप ने फूंका महाराष्ट्र सरकार का पुतला
अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को लेकर उत्तराखंड में भी जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। राजधानी देहरादून में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने महाराष्ट्र सरकार का पुतला फूंका। अभाविप के कार्यकर्ता संगठन के करनपुर स्थित कार्यालय से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएवी चौक पहुंचे। यहां पर मुख्यमंत्री के पुतले को आग के हवाले कर दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला किया है। देश के चौथे स्तंभ की आजादी पर यह नियोजित हमला है। अभाविप परिषद के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कौशल कुमार ने कहा कि एक वरिष्ठ पत्रकार और देश के टीवी चैनल के संपादक को गिरफ्तार करना देश के चौथे स्तंभ पर हमला है।