देहरादून में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, मानदेय वृद्धि की मांग
प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की मांग को लेकर देहरादून में मुख्यमंत्री ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, देहरादून। मानदेय में बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता समेत लंबित मांगों को लेकर सोमवार को प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं इस प्रदर्शन में शामिल हुईं।
हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर हंगामा किया और सड़क पर धरने पर बैठ गईं। महिलाएं काफी देर तक मौके पर डटी रहीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाती रहीं।
संयुक्त मोर्चा की पदाधिकारियों ने बताया कि मानदेय वृद्धि और रिटायरमेंट पर 10 लाख रुपये दिए जाने की मांग को लेकर संगठन लंबे समय से मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों को कई बार पत्र भेज चुका है। इसके बावजूद मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
इससे पहले 30 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर 15 दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने सरकार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
मोर्चा की बैठक में रेखा नेगी और सुशीला खत्री के नेतृत्व में आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत 19 अक्टूबर से प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण ट्रैकर और बीएलओ समेत आनलाइन कार्यों का बहिष्कार शुरू कर दिया गया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे केवल अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं, जबकि अन्य विभागीय कार्य बंद रखे गए हैं। प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से बताया गया कि चीफ कोआर्डिनेटर इंद्रजीत करोटी ने आश्वासन दिया है कि नौ नवंबर को मुख्यमंत्री की ओर से उनकी मांगों को लेकर घोषणा की जाएगी।
हालांकि, कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में रेखा नेगी, विजयलक्ष्मी, रितेश चौहान, विनीता देवी, सोनी, पुष्पा सजवाण, रेखा रौथाण, सुशीला खत्री, गीता चौहान, मधु पुंडीर, तनु लांबा और रीना देवी उपस्थित रहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।