अमित शाह का देहरादून दौरा कल: सुरक्षा का अभेद्य घेरा, ड्रोन प्रतिबंध... ऊंची इमारतों में सघन जांच
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वीवीआइपी रूट ...और पढ़ें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह. File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर यानी कल के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वीवीआइपी के रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का बहुस्तरीय घेरा तैयार किया जा रहा है।
रूट पर पड़ने वाली ऊंची इमारतों में रहने वालों का शत-प्रतिशत सत्यापन होगा, जबकि पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और डाग स्क्वाड से सघन जांच कराई जाएगी। कार्यक्रम स्थल और आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
बुधवार को पुलिस लाइन में उच्चाधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित ड्यूटी से तीन घंटे पहले अपने तैनाती स्थल पर पहुंचें और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण करें।
ड्यूटी कार्ड और पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों और वाहनों को जांच के बाद प्रवेश मिलेगा। वीवीआइपी से मिलने वालों की भी सुरक्षा जांच होगी।
पहले से नामित व्यक्तियों को एंटी सबोटाज चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश और निकासी द्वारों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी से जांच के बाद ही लोगों को निर्धारित स्थानों पर जाने की अनुमति मिलेगी।
भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए निकासी के दौरान लाउड हेलर से लोगों को संयमित ढंग से बाहर निकालने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भगदड़ की स्थिति न बने।
इसके साथ ही होटल, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और सत्यापन किया जाएगा। ब्रीफिंग में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, आइजी नीलेश आनंद भरणे, आइजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।