उत्तराखंडियों को घुसपैठिया कहने पर प्रदेश भर में फूंके गए अखिलेश यादव के पुतले, कांग्रेस-सपा दोस्ती पर भाजपा का हमला
अखिलेश यादव के उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने वाले बयान पर पूरे प्रदेश में भारी विरोध प्रदर्शन हुए। भाजपा ने सपा-कांग्रेस ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताए जाने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान ने राजनीति से परे प्रदेशवासियों की जनभावनाओं को भड़का दिया है। बयान के विरोध में रविवार को पहाड़ से मैदान तक आक्रोश दिखा।
देहरादून, हल्द्वानी, टनकपुर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रपुर, खटीमा, बाजपुर, विकास नगर, ऋषिकेश, पौड़ी, मसूरी और रुद्रप्रयाग समेत कई स्थानों पर प्रदेशवासियों ने प्रदर्शन कर अखिलेश यादव का पुतला फूंका।
भाजपा, युवा मोर्चा, पहाड़ी आर्मी, शिवसैनिकों और राज्य आंदोलन से जुड़े लोगों ने टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई। भाजपा ने इस बयान को उत्तराखंड के स्वाभिमान पर हमला बताकर सपा के साथ कांग्रेस के राजनीतिक रिश्तों पर सवाल खड़े किए।
भाजपा ने सवाल किया कि उत्तराखंड के सम्मान पर चोट पहुंचाने वाले बयान के बाद भी यदि कांग्रेस सपा के साथ गठबंधन बनाए रखती है, तो प्रदेश की जनता कांग्रेस के रुख को किस रूप में देखे?
देहरादून में गणेश जोशी के नेतृत्व में प्रदर्शन
राजधानी देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुठाल गेट पर अखिलेश यादव का पुतला दहन किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बयान की निंदा करते हुए अखिलेश से माफी की मांग की। जोशी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से अखिलेश यादव के पुतले के साथ उनकी सोच का भी दहन किया है।
भट्ट ने कांग्रेस को अखिलेश से गठबंधन तोड़ने की चुनौती दी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अखिलेश यादव की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस समेत प्रदेश के अन्य राजनीतिक दलों को समाजवादी पार्टी से संबंध तोड़ने की चुनौती दी।
कहा कि उत्तराखंड का अपमान करने वालों के साथ राजनीतिक नजदीकियां बनाए रखना कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता देख रही है कि कौन उसके स्वाभिमान के साथ खड़ा है और कौन राजनीतिक समीकरणों के कारण नरम रुख अपना रहा है।
अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण: दीप्ति रावत
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा उत्तराखंड के युवाओं ने सेना, सुरक्षा बलों, प्रशासन और राष्ट्रसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दिया है। प्रदेशवासियों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के उत्तराखंड से संबंध का उल्लेख कर कहा कि जिस प्रदेश से उनका पारिवारिक रिश्ता है, वहां के लोगों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी और भी संवेदनशील हो जाती है।
राज्य आंदोलनकारियों ने उठाया सवाल
रुड़की में राज्य आंदोलनकारियों ने विरोध दर्ज कराते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को दिए गए पद्म विभूषण सम्मान को वापस लेने की मांग उठाई। आंदोलनकारियों ने कहा कि पर्वतीय मूल के मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी।
गढ़वाल में पूर्व सैनिकों ने फूंका पुतला
गढ़वाल क्षेत्र में अखिलेश यादव की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन हुए। विकासनगर में पूर्व सैनिकों ने पुतला फूंककर नाराजगी जताई। रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
ऋषिकेश में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुतला दहन किया, जबकि पौड़ी और मसूरी में भी प्रदर्शन कर बयान की निंदा की गई। रायवाला में रसिक महाराज ने अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की।
यह भी पढ़ें- देहरादून में कांग्रेस की न्याय यात्रा: कैंट और धर्मपुर विधानसभा में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई पर सरकार को घेरा
यह भी पढ़ें- देहरादून के बालावाला में आइटी पार्क से हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार, धामी सरकार ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव
