देहरादून में कांग्रेस की न्याय यात्रा: कैंट और धर्मपुर विधानसभा में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई पर सरकार को घेरा
कांग्रेस ने देहरादून के कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में 'उत्तराखंड न्याय यात्रा' निकाली। इस यात्रा में बेरोजगारी, पेपर लीक, ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रदेश में बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, महंगाई और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने रविवार को देहरादून कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ, उत्तराखंड न्याय यात्रा’ निकाली।
उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को उठाते हुए सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की। कैंट विधानसभा क्षेत्र में यात्रा बिंदाल पुल से शुरू होकर चौधरी फार्म हाउस में संपन्न हुई।
वहीं, धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कारगी चौक से शुरू हुई यात्रा वृंदा गार्डन वेडिंग प्वाइंट पर समाप्त हुई। कांग्रेस नेताओं ने महिला सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, महंगाई से राहत व किसान-मजदूरों के अधिकारों के मुद्दे उठाए।
प्रीतम सिंह ने कहा कि न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, भ्रष्टाचार और महंगाई से आम जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की अस्मिता, महिलाओं के सम्मान और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस के प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार को बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों जैसे गंभीर मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। कांग्रेस जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। यात्रा में पूर्व विधायक जोत सिंह घनसोला, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डा. जसविंदर सिंह गोगी भी मौजूद रहे।
लालचंद शर्मा, ज्योति रौतेला, वैभव वालिया, अभिनव थापर, नवीन जोशी, संजय शर्मा सहित अनेक कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित किया और सरकार की नीतियों का विरोध किया।
यह भी पढ़ें- देहरादून के बालावाला में आइटी पार्क से हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार, धामी सरकार ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव
