निशंक से किया नरेंद्रनगर में केवि खोलने का अनुरोध
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने दिल्ली प्रवास के दौरान मंगलवार को मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने दिल्ली प्रवास के दौरान मंगलवार को मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री निशंक से आग्रह किया कि व्यापक जनहित व छात्रहित में नरेंद्रनगर में केंद्रीय विद्यालय खोला जाए। उनियाल के मुताबिक केंद्रीय मंत्री निशंक ने इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री उनियाल के अनुसार उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्यमंत्री मंत्री जितेंद्र सिंह से भी अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों मंत्रियों से प्रदेश के विकास के संबंध में चर्चा की। इससे पहले कृषि मंत्री उनियाल ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों के सम्मलेन में शिरकत की।
कृषि मंत्री उनियाल ने अनुसार उन्होंने केंद्रीय मंत्री के समक्ष उत्तराखंड में आ रही कृषि संबंधी समस्याओं और किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को लेकर बात रखी। उन्होंने बताया कि राज्य में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है। चकबंदी होने से किसानों को खेती करने में सहूलियत होगी। उन्होंने मौसम की बेरुखी, वन्यजीवों द्वारा फसल क्षति, सिंचाई साधनों की कमी, उन्नत बीज जैसे मसलों की तरफ भी ध्यान खींचा। इनके समाधान के लिए उन्होंने केंद्र से सहयोग भी मांगा। केंद्रीय कृषि मंत्री ने समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण का भरोसा दिलाया।