ऊधमसिंहनगर में फसल क्षति के आकलन के निर्देश
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने ऊधमसिंहनगर जिले में अतिवृष्टि से फसलों को पहुंचे नुकसान के मद्देनजर क्षति का आकलन कराने के निर्देश कुमाऊं के मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर को दिए हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने ऊधमसिंहनगर जिले में अतिवृष्टि से फसलों को पहुंचे नुकसान के मद्देनजर क्षति का आकलन कराने के निर्देश कुमाऊं के मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर को दिए हैं। उन्होंने जिले में प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने को भी कहा है।
कृषि मंत्री उनियाल ने मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर विभागीय अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें अतिवृष्टि से ऊधमसिंहनगर जिले में धान की फसल को पहुंचे नुकसान पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को क्षति का उचित मुआवजा प्रदान करने के मद्देनजर जल्द से जल्द आकलन कराया जाए, ताकि किसानों को संबंधित बीमा कंपनी के जरिये समय पर मुआवजा दिया जा सके।
उन्होंने ऊधमसिंहनगर के मुख्य कृषि अधिकारी से भी विस्तार से जानकारी ली। मुख्य कृषि अधिकारी ने उन्हें बताया कि जिले में खटीमा, जसपुर व गदरपुर में फसलों को अधिक क्षति पहुंची है। कृषि मंत्री ने जिले में न्याय पंचायत स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए, ताकि कभी भी अतिवृष्टि की दशा में सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क स्थापित किया जा सके।