दुष्कर्म की झूठी सूचना देने वाली महिला के खिलाफ की कार्रवाई
सामूहिक दुष्कर्म की झूठी सूचना देने वाली महिला के खिलाफ सहसपुर थाने की पुलिस ने चालानी कार्रवाई की है। पुलिस जांच व मेडिकल में घटना की पुष्टि नहीं होने बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे को भी खारिज कर दिया है।
विकासनगर (देहरादून), जेएनएन। सामूहिक दुष्कर्म की झूठी सूचना देने वाली महिला के खिलाफ सहसपुर थाने की पुलिस ने चालानी कार्रवाई की है। पुलिस जांच व मेडिकल में घटना की पुष्टि नहीं होने बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है। वहीं, तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे को भी खारिज कर दिया है।
सहसपुर में तीन अक्टूबर की रात में एक महिला द्वारा सूचना दी गयी कि सांय करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच तीन युवकों द्वारा सेलाकुई पुल के नीचे उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान 4 अक्टूबर को पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए महात्मा गांधी शताब्दी अस्पताल ले जाया गया। जहां पीड़िता के पिता ने डाक्टर को लिखित रूप से अवगत कराया कि उसकी पुत्री के साथ किसी भी प्रकार की घटना नहीं हुई है। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। खुद पीड़िता ने भी अपने साथ घटना होने से इनकार किया था। मेडीकल में भी पीड़िता के दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई।
5 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष अपने बयानों में भी पीड़िता ने किसी प्रकार की घटना से इनकार किया। विवेचना के दौरान पीड़िता के आसपड़ोस में रहने वाले लोगों के बयानों से इस बात की पुष्टि हो गई कि पीड़िता द्वारा जिस समय पर अपने साथ घटना का होना बताया गया था। उक्त समय वह अपने घर पर ही थी। थानाध्यक्ष सहसपुर नरेंद्र गहलावत के अनुसार, घटना असत्य पाई गई है। जिसके आधार पर थाना मुकदमे को खारिज करते हुए महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें: फ्लैट लेकर रह रही विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपित के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
यह भी पढ़ें: नाबालिग बहन से दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार, गर्भवती होने पर खुला मामला