हिट एंड रन का आरोपित दबोचा, कार की हेडलाइट से आया पकड़ में Dehradun News
सेलाकुई थाने की पुलिस ने हिट एंड रन के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। कार की टूटी हेडलाइट के जरिये पुलिस आरोपित तक पहुंची।
देहरादून, जेएनएन। सेलाकुई थाने की पुलिस ने हिट एंड रन के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। कार की टूटी हेडलाइट के जरिये पुलिस आरोपित तक पहुंची। वह सेलाकुई फार्मा सिटी में एक कंपनी में बतौर चालक नौकरी करता है।
थाना सेलाकुई पर 31 मई को गोपीनाथ वाजपेयी निवासी विजय कॉलोनी देहरादून ने लिखित तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि 30 मई को रात्रि आठ बजे के आसपास भांजे मिलिंद की मोटरसाइकिल बुलेट पर अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इससे मिलिंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा था। उपचार के दौरान मिलिंद रेवाड़ी की मृत्यु हो गई। इस पर थाना सेलाकुई में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया तो एक अज्ञात वाहन की हेडलाइट के पीछे का टुकड़ा टूटा हुआ मिला। इसकी जानकारी के लिए विभिन्न वाहनों की एजेंसियों से संपर्क कर पता लगाया गया गया। ज्ञात हुआ कि उक्त हेड लाइट का टुकड़ा बोलेरो कैंपर वाहन का हो सकता है। इस पर प्रथम दृष्टया ऐसे वाहनों की छानबीन को प्राथमिकता दी गई, जो बोलेरो कैंपर ही हों।
घटनास्थल से पाए गए वाहन के टुकड़े पर हल्का सफेद रंग का पेंट लगा हुआ था। इससे स्पष्ट हो गया कि हादसे में लिप्त वाहन सफेद रंग का है। घटना वाले दिन व रात की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो अंधेरा व धुंधली लाइट होने के कारण बोलेरो की नंबर की जानकारी नहीं हो पाई।
इसके बाद पुलिस ने शहर व देहात क्षेत्र में वाहन रिपेयरिंग करने वाले से गहनता से पूछताछ की गई। फिर भी कोई जानकारी हासिल नहीं हो पाई। फिर नए सिरे से घटना के दिन के सिटी के सभी आवश्यक सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया। साथ ही वाहन चालकों का सत्यापन किया गया तो एक संदिग्ध वाहन बोलेरो कैंपर का पता चला।
इसके चालक के 30 मई को आवागमन की जानकारी जुटाई गई। इसके कई दिन बाद पुलिस ने सेलाकुई सिडकुल से हिट एंड रन में प्रकाश में आए वाहन व चालक को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान अंकित नौटियाल मूल निवासी ग्राम कुटियार थाना पुरोला जिला उत्तरकाशी हाल निवासी आइजीईएल कंपनी सिडकुल क्षेत्र सेलाकुई बताई।
सेलाकुई फार्मा सिटी में चालक है आरोपित
गिरफ्तार आरोपित अंकित नौटियाल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह सेलाकुई फार्मा सिटी में एक कंपनी में बतौर चालक नौकरी करता है। 30 मई को वह सायं छह बजे के करीब कंपनी से बोलेरो कैंपर गाड़ी को लेकर देहरादून गया था और रात्रि में आठ से नौ बजे के बीच वापस आ रहा था।
यह भी पढ़ें: भाजपा नेता के बेटे समेत चार युवकों ने तोड़ा एक शख्स का पैर, मुकदमा दर्ज
धूलकोट के जंगल में एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति बोलेरो कैंपर से टकरा गया था और सड़क पर गिर गया था। इस कारण वह अत्यधिक घबरा गया था और गाड़ी लेकर सीधे कंपनी चला गया था। उसके अगले दिन उसने वाहन को देहरादून त्यागी रोड से ठीक कराया।
यह भी पढ़ें: ठेकेदार पर हुए हमले का मामला, पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा किया दर्ज