पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान को आम आदमी पार्टी ने बताया नकल
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के उत्तराखंड की जनता को सौ यूनिट बिजली और 25 लीटर मुफ्त पानी देने के बयान को आम आदमी पार्टी ने उनकी घोषणा की नकल बताया है।
देहरादून, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के उत्तराखंड की जनता को सौ यूनिट बिजली और 25 लीटर मुफ्त पानी देने के बयान को आम आदमी पार्टी ने उनकी घोषणा की नकल बताया है। आप के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि उत्तराखंड में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करने से कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए खतरा बढ़ गया है। ऐसे में हरीश रावत वही बात कह रहे हैं, जो दिल्ली के मुख्यमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड के संदर्भ में कही है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत पहले इस बात का जवाब दें कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तब उत्तराखंड के लिए उन्होंने क्या किया।
शांति बने खत के अध्यक्ष
साहिया में खत बमठाड़ में कांग्रेसियों ने बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेसियों ने विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र के गांव- गांव अभियान चलाकर सरकार की नाकामियां जनता को बताने का निर्णय लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश की मौजूदा परिस्थितियों के बारे में ग्रामीणों को सही जानकारी दी जाएगी। कोरोना महामारी में हर किसी की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार ने मदद देने का काम नहीं किया। खत बमठाड़ के स्याणा प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता शांति सिंह तोमर को खत का पार्टी अध्यक्ष नामित किया गया। इसी क्रम में नवीन राणा को युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। बैठक में राजेंद्र चौहान, प्रदीप चौहान, प्रमोद, धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
चैंपियन की वापसी प्रदेशवासियों का अपमान
उत्तराखंड वासियों को अपशब्द कहने वाले खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को पुन: भाजपा में शामिल किए जाने पर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने विरोध दर्ज करते हुए सरकार का इंद्रमणि बडोनी चौक पर पुतला दहन किया। उक्रांद ने चैंपियन की वापसी को प्रदेश की जनता का अपमान बताते हुए उन्हें तत्काल पार्टी से हटाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: वायरल वीडियो से फिर चर्चा में आए भाजपा विधायक प्रणव सिंह चैंपियन
इस दौरान उक्रांद के संरक्षक व पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि उत्तराखंड को अभद्र शब्दों से संबोधित करने वालों विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को भाजपा ने छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया था। मगर, कुछ महीनों में ही भाजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल कर दिया। यह भाजपा के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चैंपियन की वापसी जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में प्रदेश हितैषी है तो चैंपियन जैसे अभद्र नेताओं को तत्काल पार्टी से बाहर करना चाहिए। पुतला फूंकने वालों में उक्रांद के नगर अध्यक्ष सोहन भट्ट, आनंद तडिय़ाल, केडी जोशी, गुलाब सिंह रावत, पीएस नेगी, जितार सिंह बिष्ट, युद्धवीर चौहान, वीसी रावत, एसएस शाही आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: जनता के हित की लड़ाई लड़ें कांग्रेस पार्षद : प्रीतम सिंह