कृषि विधेयकों के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया विधानसभा कूच, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हाल ही में लोकसभा और राज्यसभा में पास हुए केंद्र सरकार के कृषि विधेयकों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने आज बुधवार को विधानसभा के घेराव के लिए कूच किया। इस दौरान रिस्पना से पहले लगाई गई बैरिकेडिंग पर पुलिस ने रोक दिया।
देहरादून, जेएनएन। हाल ही में लोकसभा और राज्यसभा में पास हुए केंद्र सरकार के कृषि विधेयकों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने आज बुधवार को विधानसभा के घेराव के लिए कूच किया। इस दौरान रिस्पना से पहले लगाई गई बैरिकेडिंग पर पुलिस ने रोक दिया, जिस पर वे वहीं धरने पर बैठ गए। पुलिस ने आप के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
केंद्र सरकार के कृषि विधेयकों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्त्ता सुबह विधानसभा कूच करने पहुंचे। डिफेंस कॉलोनी गेट पर पुलिस ने आप कार्यकर्त्ताओं को बेरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। आप कार्यकर्ताओं ने कई बार बेरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान पुलिस और कार्यकर्त्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने उन्हें रिस्पना से पहले लगाई गई बैरिकेडिंग पर रोक दिया। यहां कार्यकर्त्ता नारेबाजी करने लगे। इस दौरान आप कार्यकर्त्ता शास्त्रीनगर की ओर से सीधे विधानसभा मार्ग पर आ धमके। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। यहीं वह धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने आप कार्यकर्त्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
प्रदेश अध्यक्ष कलेर ने कहा कि जिस तरह विपक्ष के विरोध के बावजूद केंद्र ने कृषि विधेयकों को दोनों सदनों में पास कराया, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मनमानी पर उतारू है। अन्नदाता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नए कृषि विधेयकों से किसान कुछ ही दिनों में भूमिहीन हो जाएंगे। ये विधेयक पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लाए गए हैं। प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहिया ने कहा कि पार्टी इन विधेयकों का पुरजोर विरोध करती है और किसानों के हक के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह किसान, मजदूर और व्यापारी विरोधी है। अन्नदाताओं के खिलाफ बिल लाकर सरकार उन्हें ऊपर उठाने की बजाय कुचलने का प्रयास कर रही है।
उत्तराखंड में विपक्ष कमजोर
आप के प्रदेश अध्यक्ष कलेर ने कहा कि उत्तराखंड में विपक्ष कमजोर है। इस कारण सरकार अपनी मनमर्जी कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का जो दायित्व होता है, वह आम आदमी पार्टी निभा रही है।
यह भी पढ़ें: पहली बार कांग्रेस विधायक ट्रैक्टर पर बैठकर पहुंचे विधानसभा