प्रदेश की 46 चिकित्सा इकाइयों को कायाकल्प पुरस्कार
स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार को प्रभावी पहल के लिए प्रदेश की 46 इकाइयों को वर्ष 2018-19 के लिए कायाकल्प पुरस्कार प्रदान किया गया।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार को प्रभावी पहल के लिए प्रदेश की 46 इकाइयों को वर्ष 2018-19 के लिए कायाकल्प पुरस्कार प्रदान किया गया। चेनराय जिला महिला चिकित्सालय हरिद्वार को प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 लाख रुपये का इनाम दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह पुरस्कार अस्पतालों को नहीं बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के कायाकल्प के लिए भी पुरस्कार है। यह पुरस्कार अन्य अस्पतालों को भी प्रेरित करेगा।
बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कायाकल्प पुरस्कार समारोह में शिरकत करते हुए कहा कि अस्पतालों को इस दिशा में और बेहतर करने के प्रयास करने होंगे। यह पुरस्कार स्वास्थ्य सेवाओं को जनोपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना में पिछले चार वर्षो में 15 गुना वृद्धि हुई है। जहां तीन वर्ष पहले इन पुरस्कारों की संख्या तीन थी आज बढ़कर 46 हो गई है। उन्होंने अस्पतालों का वातावरण बेहतर बनाने पर भी बल किया। कहा कि चिकित्सकों को भी जनता का विश्वास बनाए रखना होगा, अच्छा व्यवहार भी बीमारी को दूर करने में मददगार होता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न अस्पतालों में स्थापित होने वाले आइसीयू तथा डायलिसिस केंद्रों की स्थापना के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आयुष्मान भारत व अटल-आयुष्मान योजना में आ रही कठिनाइयों को दूर करने को व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश में शिशु मृत्यु दर को 2020 तक 100 से नीचे लाने के प्रयास करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में राज्य स्वास्थ्य सलाहकार परिषद के ज्ञान सिंह नेगी, सचिव स्वास्थ्य नीतेश झा, निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन युगल किशोर पंत के अलावा विभिन्न जनपदों से आए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।