विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

38th National Games: उत्‍तराखंड में सात स्थानों पर होगा आयोजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की समीक्षा

By Vikas gusainEdited By: Nirmala Bohra
Published: Fri, 07 Jul 2023 09:02 AM (IST)

38th National Games प्रदेश में वर्ष 2024 में प्रस्तावित 38 वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन सात स्थानों पर किया जाएगा। ...और पढ़ें

38th National Games: मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक
38th National Games: मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक

HighLights

  1. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की 38 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों की समीक्षा
  2. आयोजन संबंधी व्यवस्था के लिए उच्चाधिकार प्राप्त समिति का किया गठन

राज्य ब्यूरो, देहरादून: 38th National Games: प्रदेश में वर्ष 2024 में प्रस्तावित 38 वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन सात स्थानों पर किया जाएगा। इनमें देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर व गुलरभोज शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेलों के आयोजन से संबंधित व्यवस्था एवं जरूरतों को पूरा करने के लिए उच्चाधिकार प्राप्त समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति आयोजन से संबंधित त्वरित निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों में राज्य के परंपरागत खेलों को भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय खेलों का आयोजन इससे पहले किया जाए। जो खिलाड़ी दूसरे राज्यों से खेल रहे हैं, उन्हें अपने राज्य से खेलने को प्रेरित किया जाए। राज्य में युवा खिलाडिय़ों के व्यापक हित में तैयार की गई खेल नीति का प्रचार-प्रसार किया जाए।

इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि जी-20 के सफल आयोजन की भांति यह आयोजन भी सफलतापूर्वक संपन्न हो। इससे राज्य की बेहतर पहचान बनेगी तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस आयोजन के लिए अभी से वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि गुजरात में हुए राष्ट्रीय खेलों और इस वर्ष गोवा में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय खेलों की व्यवस्था का भी अध्ययन किया जाए। इस बात का ध्यान रखा जाए कि प्रदेश में होने वाले राष्ट्रीय खेल पर्यटन के साथ ही राज्य की संस्कृति के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनें।

बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, मुख्य सचिव डा एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार व सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अगले वर्ष अक्टूबर अथवा नवंबर में आयोजित हो सकते हैं राष्ट्रीय खेल

प्रदेश में होने वाले 38 वें राष्ट्रीय खेलों पर 450 करोड़ रुपये का व्ययभार आएगा। इसमें 91 करोड़ रुपये की धनराशि भारत सरकार ने उपलब्ध करा दी है। अब शेष धनराशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। राष्ट्रीय खेलों में 38 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वीकृत 34 खेलों के अलावा योग, कराटे, मलखंब एवं एक अन्य प्रतियोगिता शामिल की जाएगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि अगले वर्ष राष्ट्रीय खेलों का आयोजन अक्टूबर अथवा नवंबर में प्रस्तावित है। इसके लिए खेल विभाग भारतीय ओलंपिक संघ से पत्राचार करेगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई बैठक में खेल विभाग द्वारा प्रस्तुतिकरण दिया गया। प्रस्तुतिकरण के संबंध में जानकारी देते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के लिए अवस्थापना सुविधाओं से संबंधित निर्माण कार्य दिसंबर तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। खेलों की शुरुआत से पहले इन पर ट्रायल रन भी किया जाएगा।

खेलों में प्रदेश के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करें, इसके लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विभाग की मांग पर सरकार ने 10 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण देने के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच भी नियुक्त किए जाएंगे।

खेलों के आयोजन के लिए विभाग ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में 40 करोड़ रुपये की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग को आकस्मिकता निधि तथा अनुपूरक बजट के माध्यम से बजट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खेल मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विभाग को खेलों के आयोजन को मिशन मोड पर कार्य प्रारंभ करने को कहा गया है।