विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आसन वेटलैंड में 300 प्रवासी परिंदों ने डाला डेरा, पर्यटन को मिली नई उड़ान

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:22 PM (IST)

उत्तराखंड के आसन वेटलैंड में 300 प्रवासी परिंदों का आगमन हुआ है, जिनमें सुर्खाब, गैडवाल और यूरेशियन विजन जैसी प्रजातियाँ शामिल हैं।

आसन रामसर साइट में प्रवास पर पहुंचे विदेशी परिंदे। वन दारोगा

आसन रामसर साइट में प्रवास पर पहुंचे विदेशी परिंदे। वन दारोगा

HighLights

  1. आसन वेटलैंड में 300 प्रवासी परिंदों का आगमन।

  2. सुर्खाब, गैडवाल, कूट जैसे पक्षी बने मेहमान।

  3. पर्यटन बढ़ा, जीएमवीएन रिसॉर्ट में बोटिंग में वृद्धि।

जागरण संवाददाता, विकासनगर। देश के पहले कंजरवेशन रिजर्व एवं उत्तराखंड की पहली रामसर साइट आसन वेटलैंड में रूडी शेल्डक यानी सुर्खाब के बाद गैडवाल, कामन कूट, यूरेशियन विजन व वूली-नेक्ड स्टार्क प्रजाति के परिंदों ने भी डेरा डाल दिया है। मंगलवार को प्रवासी परिंदों की संख्या बढ़कर 300 के आसपास पहुंच गई। इससे धीरे-धीरे आसन रामसर साइट की रौनक निखरने लगी है।

हर साल अक्टूबर से मार्च आखिर तक प्रवासी परिंदे आसन रामसर साइट में रहते हैं। इसके बाद छह महीने लोकल प्रजाति के परिंदे यहां ब्रीडिंग व नेस्टिंग करते हैं। वर्तमान में पांच प्रजाति के प्रवासी परिंदों के डेरा डालने से जीएमवीएन के आसन रिसार्ट सेंटर में बोटिंग का आनंद लेने वालों की संख्या भी बढ़ गई है।

इससे गढ़वाल मंडल विकास निगम की आय भी बढ़ रही है। जनवरी 2026 में हुई विधिवत गणना के अनुसार 126 प्रजाति के 5,806 परिंदे यहां प्रवास पर आए थे। आसन रेंजर आनंद सिंह रावत और वन दारोगा प्रदीप सक्सेना ने बताया कि इस बार मेहमानों के जल्द डेरा डालने से उनकी संख्या में बढ़ोत्तरी की संभावना है।

रामसर साइट में ये परिंदे आते हैं प्रवास पर

आसन रामसर साइट में रूडी शेल्डक (सुर्खाब), कामन ग्रीनशैंक, पलास फिश ईगल, एशियन वूली-नेक्ड स्टार्क, ग्रेट कारमोरेंट, लिटिल कारमोरेंट, इंडियन कारमोरेंट, ग्रे हेरान, पर्पल हेरान, ग्रेट इग्रेट, इंडियन पान्ड हेरान, स्टार्क-बिल्ड किंगफिशर, व्हाइट-थ्रोटेड किंगफिशर, पाइड किंगफिशर, प्लम्बियस वाटर रेडस्टार्ट, व्हाइट-कैप्ड वाटर रेडस्टार्ट, व्हाइट-ब्राउड वागटेल, व्हाइट वागटेल, नार्दन शावलर, गैडवाल, यूरेशियन विज़न, इंडियन स्पाट-बिल्ड डक, रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड, टफ्टेड डक, लिटिल ग्रीब, ग्रेट क्रेस्टेड ग्रीब, राक पिजन, बार-हेडेड गूज, मल्लार्ड, नार्दन पिनटेल, ग्रीन-विंग्ड टील, कामन पोचार्ड, फेरुजिनस डक, यूरेशियन मोरहेन, यूरेशियन कूट, ग्रे-हेडेड स्वैम्पहेन, रेड-वैटल्ड लैपविंग, कामन सैंडपाइपर और पैडीफील्ड पिपिट प्रजाति के परिंदे प्रवास पर आते हैं।

यह भी पढ़ें- आसन वेटलैंड से अपने वतन लौटने लगे प्रवासी परिंदे, गर्मी बनी वजह

यह भी पढ़ें- सर्दियों की दस्तक के साथ गुलजार चिल्का झील, 50 से अधिक प्रजातियों के प्रवासी परिंदे पहुंचे