पर्यटकों को जिम कार्बेट नेशनल पार्क की सैर कराती नजर आएंगी महिला चालक, यहां दी जा रही ट्रेनिंग
जिम कार्बेट नेशनल पार्क (Jim Corbett National Park) की सैर अब महिला चालक कराती नजर आएंगी। इसके लिए कुल 24 महिला चालकों को दून के झाझरा में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये प्रशिक्षण 21 दिनों तक दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, देहरादून। जल्द ही महिला चालक पर्यटकों को जिम कार्बेट नेशनल पार्क (Jim Corbett National Park) की सैर कराती नजर आएंगी। इसके लिए कुल 24 महिला चालकों को दून के झाझरा में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 21 दिवसीय प्रशिक्षण में ये इन सभी महिलाओं को ऊबड़-खाबड़ मार्गों पर कुशलता से वाहन चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
महिला सशक्तीकरण व रोजगार प्रदान करने की दिशा में कार्बेट टाइगर रिर्जव (Tiger Reserve) की ओर से पहल की गई है। इसमें 24 महिलाओं को जिप्सी वाहन चालक का प्रशिक्षण इंस्टीट्यूट आफ ड्राइंविग एंड ट्रैफिक रिसर्च में दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण की शुरुआत उत्तराखंड के वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने की। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तीकरण के तहत कौशल विकास के लिए कार्बेट रिजर्व की ओर से किए गए कार्यों की भी सराहना की। साथ ही भविष्य में इसी प्रकार महिला नेचर गार्ड व महिला जिप्सी चालक का प्रशिक्षण अन्य संरक्षित क्षेत्रों में, राजाजी टाइगर रिजर्व, आसन पक्षी विहार, नंदा देवी राष्टीय पार्क, गोविंद वन्य जीव विहार आदि में भी दिया जाएगा।
राजाजी टाइगर रिजर्व (Rajaji Tiger Reserve) में भी 21 महिला जिप्सी चालकों का प्रशिक्षण शीघ्र कराए जाने के निर्देश काबीना मंत्री हरक सिंह रावत ने राजाजी निदेशक को दिए हैं। आपको बता दें कि कार्बेट रिजर्व में गत वर्ष आठ महिला नेचर गार्ड को प्रशिक्षण प्रदान किया गया था, जिसके बाद संरक्षित क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस मौके पर प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव अनूप मलिक, मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक जेएस सुहाग, कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल कुमार, राजाजी निदेशक डीके सिंह, वन संरक्षक शिवालिक वृत्त अखिलेश त्रिपाठी के साथ कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढें- यहां 100 करोड़ से तैयार हो रहा देश का पहला पोस्ट एंट्री क्वारंटाइन सेंटर, विदेशी पौधे होंगे क्वारंटाइन