ट्रांसफार्मर फुंका, 24 घंटे से कई कालोनियां अंधेरे में
विकासनगर बुधवार को ट्रांसफार्मर फुंकने से नगर की कई कालोनियों के लोग परेशान रहे।
संवाद सहयोगी, विकासनगर: बुधवार को ट्रांसफार्मर फुंकने से नगर की कई कालोनियों के लोग 24 घंटे तक परेशान रहे। रात अंधेरे में गुजरी तो सुबह पेयजल आपूर्ति नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई। बिना मोटर घरों की छत पर रखी टंकी तक पानी ही नहीं पहुंचा, लिहाजा पेयजल समस्या ने सभी को बेहाल कर दिया। ऊर्जा निगम ने दूसरे दिन गुरुवार को ट्रांसफार्मर लगाया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति रात में आठ बजे के करीब बहाल हो पाई।
ट्रांसफार्मर फुंकने से नगर की सिगरा कालोनी, डाकपत्थर रोड, विद्यापीठ मार्ग समेत नगर के आधे बाजार की आपूर्ति ठप रही। इसके चलते क्षेत्र के दो सौ से अधिक मकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान प्रभावित रहे। ऊर्जा निगम ने दूसरे दिन सुबह एक ट्रांसफार्मर लगाया, लेकिन वह भी तुरंत ही जवाब दे गया। एक अन्य ट्रांसफार्मर लगाकर निगम ने आपूर्ति बहाल किया। विद्युत आपूर्ति सुचारू होने पर नागरिकों ने राहत की सांस ली। बिजली न आने से परेशान क्षेत्र के निवासी डा. मीनाक्षी अरोड़ा, शशि भूषण, कपिल चौहान, डा. केपी सिंह, डा. नरदेव शर्मा का कहना है कि इतने अधिक समय तक बिजली गायब रहने से घरों के इनवर्टर भी बंद हो गए। दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा गर्मी के मौसम का कष्ट भी क्षेत्रवासियों को झेलना पड़ रहा है। उधर, विद्युत आपूर्ति बहाल करने के संबंध में ऊर्जा निगम के सहायक अभियंता मनोज कंडवाल का कहना है कि रात के समय खराब ट्रांसफार्मर की जगह दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति सुचारू की गई थी, लेकिन वह भी खराब हो गया था, उसे बदलकर देर शाम आपूर्ति सुचारू कराई जा रही है।